मध्य प्रदेश में उग्र हुए हालात, थाने में वाहनों को आग लगाई, केंद्र से अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग
किसानों से बातचीत करने गए मंदसौर के डीएम से भी मारपीट की गई है। हालात उग्र होते देख अफसर मौके से भाग निकले। कुछ वाहनों को भी आंदोलनकारियों ने आग के हवाले कर दिया है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों का आंदोलन उग्र हो गया है। पुलिस फायरिंग में मंगलवार को हुई 6 किसानों की मौत के बाद मंदसौर में लगा कर्फ्यू जारी है। किसानों ने भी फायरिंग के विरोध में बुधवार को मध्य प्रदेश बंद का ऐलान किया है। पुलिस फायरिंग में मारे गए किसानों के शव सड़क पर रखकर आंदोलनकारियों ने जाम लगा दिया। 8-10 वाहनों में आग भी लगाई गई है। इस बीच उग्र होते हालात पर नियंत्रण के लिए मध्य प्रदेश गृह मंत्रालय ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर नीमच, मंदसौर, देवास और उज्जैन में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजने की मांग की है।

डीएम से की गई मारपीट
वहीं, किसानों से बातचीत करने गए मंदसौर के डीएम स्वतंत्र सिंह से भी मारपीट की गई है। हालात उग्र होते देख डीएम और अफसर मौके से भाग खड़े हुए। किसान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। डीएम ने कहा कि आंदोलन के दौरान पुलिस फायरिंग का कोई आदेश नहीं दिया गया था। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने उग्र हालात के चलते रतलाम, नीमच, मंदसौर और उज्जैन में सेलुलर डेटा सेवाएं रोक दी हैं।

मृतक किसानों के परिजनों को एक करोड़ मुआवजा
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी किसानों से मुलाकात करने आज मंदसौर आ रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृत किसानों के परिजनों को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि और घायलों को 5 लाख रुपए देने का ऐलान किया। साथ ही सीएम ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दे दिए हैं। सीएम ने कहा है कि इस घटना के लिए जो लोग दोषी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

मंगलवार को उग्र हुआ था आंदोलन
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में किसान उपज के उचित दाम और कर्ज माफी को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन उग्र होता देख मंगलवार को मंदसौर, रतलाम और उज्जैन में इंटरनेट सेवाएं भी सस्पेंड कर दी गई थीं। इसके बाद आंदोलन कर रहे किसानों पर पुलिस ने फायरिंग कर दी, जिसमें 6 किसानों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए।

मुद्दे पर राजनीति शुरू
इस मुद्दे पर राजनीति भी शुरू हो गई है। राहुल गांधी ने किसानों पर हुई फायरिंग पर कहा कि BJP के न्यू इंडिया में हक़ मांगने पर हमारे अन्नदाताओं को गोली मिलती है? सरकार देश के किसानों के साथ युद्ध कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार किसानों के साथ है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने षड़यंत्र के तहत हिंसा भड़काने का काम किया है, बहुत से कांग्रेस के नेताओं ने ऐसा किया।












Click it and Unblock the Notifications