भारत बंद से 'एलर्ट' हुए शिवराज ने रद्द की अपनी रैली, विवादों में रहे इस जिले में होना था कार्यक्रम
इंदौर। एससी एसटी एक्ट को लेकर आज पूरे भारत में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सरकार द्वारा एक्ट में किए गए संशोधन के विरोध में सवर्णों द्वारा बुलाए गए बंद का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। मप्र के मालवा और निमाड़ इलाके में विरोध का उग्र रूप नजर आया। इंदौर में बंद के समर्थन में सुबह से ही बाजार और सीबीएससी स्कूल बंद हैं। अहिल्या चैंबर ऑफ कामर्स ने भी बंद का समर्थन किया वहीं, दवा बाजार व्यापारी एसोसिएशन और पेट्रोल पंप संचालकों ने भी अपने पंप बंद रखे हैं। वहीं मंदसौर में भारत बंद के व्यापक असर को देखते हुए सीएम शिवराज की कल होने वाली रैली रद्द कर दी गई है, हालांकि वे खंडवा व हरदा में जनआशीर्वाद रैली करेंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक बंद का आह्वान शाम 4 बजे तक के लिए किया गया है। लेकिन कुछ व्यापारी संगठन 2 बजे तक ही दुकानें बंद रखेंगे। हालांकि, बंद के समर्थन में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन भी किए गए हैं, जिसके तहत हर सिद्धी और राजबाड़ा पर सवर्ण समाज और सपाक्स के पदाधिकारियों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और संसोधन का विरोध किया है। हालांकि,बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। लेकिन पुलिस ने एहतियात के तौर पर शहर के विभिन्न इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है।

इसी तरह मालवा निमाड़ के दूसरे जिलों की बात करें तो खरगौन, उज्जैन और बुरहानपुर में बंद को पूरा समर्थन मिला है। वहीं खंडवा में बंद का असर नहीं दिखा है। इसके अलावा मंदसौर में बंद के व्यापक असर को देखते हुए मंदसौर के सुवासरा में 7 सिंतबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। बंद के दौरान ही मुख्यमंत्री आज खंडवा और हरदा जिले में जन आशीर्वाद यात्रा में रहेंगे। लिहाजा,सभी जगहों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है। क्योंकि पुलिस को आशंका है,कि बंद समर्थक मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखा सकते हैं। लिहाजा, पुलिस को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications