Shivpuri news: शिक्षिका से फोन पर संवाद करके फंस गए डीईओ, हो गया निलंबन
शिवपुरी डीईओ संजय श्रीवास्तव हुए निलंबित, डीईओ का ऑडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई, ऑडियो में प्रभारी मंत्री का भी किया जिक्र, कांग्रेस ने उठाए सवाल
Shivpuri में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एक शिक्षिका से फोन पर संवाद करने का ऑडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी फोन पर एक शिक्षिका से आपत्तिजनक लहजे में बात कर रहे थे जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस ऑडियो में प्रभारी मंत्री का जिक्र आने के बाद कांग्रेस ने भी इस ऑडियो को लेकर मुद्दा लपक लिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव का ऑडियो हुआ था वायरल
शिवपुरी के जिला शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव का एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ। इस ऑडियो में संजय श्रीवास्तव अपने ही विभाग की एक शिक्षिका से बातें करते हुए सुने जा सकते हैं। ऑडियो में संजय श्रीवास्तव ने जिस लहजे में शिक्षिका से बात की है वह काफी हैरान कर देने वाला है। जिला शिक्षा अधिकारी के पद की गरिमा का ख्याल न रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका को अपनी सहेली बताते हुए तमाम ऐसी बातें की जिस के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की किरकिरी हो रही है।
ऑडियो वायरल होने पर जिला शिक्षा अधिकारी को किया निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते हुए कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के पास तक भी पहुंच गया। जिला शिक्षा अधिकारी की ऐसी भाषा शैली सुनने के बाद कलेक्टर ने इस बारे में रिपोर्ट तैयार करते हुए लोक शिक्षण आयुक्त को भेजी जिसके बाद लोक शिक्षण आयुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया।
ऑडियो में प्रभारी मंत्री का भी किया गया है जिक्र
वायरल हुए ऑडियो में प्रभारी मंत्री का भी जिला शिक्षा अधिकारी ने जिक्र किया है। ऑडियो में जिला शिक्षा अधिकारी कहते सुनाई दे रहे हैं कि मंत्री के लिए अलग कानून होता है और जनता के लिए अलग होता है। यह ऑडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी अब मुद्दा लपक लिया है। कांग्रेस का कहना है कि ट्रांसफर के लिए सूची तैयार करने में भी गड़बड़ी की जाती है। कांग्रेस द्वारा आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं साथ ही कांग्रेस का कहना है कि ऑडियो से साफ समझ आ रहा है कि निरंकुशता अधिकारियों पर हावी है।












Click it and Unblock the Notifications