सागर: गरीबों की रोजी-रोटी पर चोरों का डाका, हाथ ठेलों की कर रहे चोरी, पुलिस ने किया खुलासा
सागर, 31 मई: मध्य प्रदेश में अब चोरों ने रोजाना कमाकर खाने वाले गरीब मजदूरों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। बेखौफ चोर रोजमर्रा के कमाने वालों की रोजी-रोटी के जरिए पर अपना हाथ साफ कर रहे हैं। सागर जिले में चोर रात के अंधेरे में हाथ ठेले वालों के ठेके को लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं। इतना ही नहीं 12 हजार रुपए की लागत वाले हाथ ठेले को चोर लोडिंग गाड़ी से उठाकर ले जा रहे हैं। मकरोनिया पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को पकड़ा है। उनसे चोरी के 8 ठेले बरामद किए हैं।

दरअसल, सागर शहर के आसपास कुछ महीनों से हाथ ठेला चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जो पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशाल लगा रही थी, लेकिन कुछ दिनों पहले मुखबिर की सूचना पर शहर की मकरोनिया थाना पुलिस ने दो चोरों को धर दबोचा, जिनसे पूछताछ के दौरान हाथ ठेला चोरियों का खुलासा हुआ है।
चोरों को हाथठेला चुराने में आसानी होती है, क्योंकि हाथ ठेला मालिक इनकी रखवाली में ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं और हाथठेले के कोई कागजात नहीं होते है। शातिर चोर लोडिंग गाड़ी में ठेला डालकर इन्हें चुरा लेते थे, जिन्हें कही भी 7 से 8 हजार रुपए में बेच देते थे। पुलिस ने फिलहाल इनकी निशानदेही पर 8 ठेले बरामद किए हैं।
इधर, पुलिस की कार्रवाई में हाथ ठेला बरामद होने पर ठेला मालिक थाने के चक्कर काट रहे है कि उन्हें यह ठेला वापस कैसे मिलेगा, इसको लेकर पुलिस और मालिक दोनों असमंजस में हैं, क्योंकि ठेलों की कोई रसीद या बिल नहीं होता है। इस बारे में मकरोनिया थाना प्रभारी एमके जगत का कहना है कि उन्हें यह ठेले न्यायालय में साक्ष्य दिखाने पर ही सुपुर्द किए जा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications