कमलनाथ सरकार ने गरीबों से उनका हक छीना, कांग्रेस की कथनी-करनी में अंतर: मंत्री OPS भदौरिया
MP News: मंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस नेता जिनकी कथनी-करनी में अंतर है उनकी बातों के भ्रम में ना आए। अगर बीजेपी की केंद्र और प्रदेश सरकार ने आपके जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है तो गरीब कल्याण के लिए आने वाले चुनाव में बीजेपी को वोट दे।
मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री ओपीएस भदौरिया ने गुरुवार को नर्मदापुरम जिले की सोहागपुर विधानसभा के माखननगर में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कहा कि बारिश के बीच भी बीजेपी आपका आशीर्वाद लेने के लिए इसलिए आई है, ताकि वेश बदलकर आने वाले कांग्रेसियों से आप सावधान रहें।

कांग्रेस ने गरीबों से उनका हक छीना- ओपीएस भदौरिया
प्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में किसानों से सरकार बनने पर 10 दिनों में 2 लाख रूपए तक की कर्जमाफी का वादा किया था। लेकिन सरकार बनने के 15 महीने बाद भी 1 रूपए भी किसी किसान का माफ नहीं हुआ। प्रधानमंत्री आवास योजना में मोदी ने मध्यप्रदेश को आवास दिए, जिसमें 60 प्रतिशत राशि केन्द्र और 40 प्रतिशत राशि प्रदेश सरकार को वहन करनी होती है। कमलनाथ सरकार ने उस मैचिंग ग्रांट को उपलब्ध कराने में भी आनाकानी की, जिसके कारण गरीबों को उनके घर नहीं मिले।
भदौरिया ने कहा कि CM शिवराज सिंह चौहान आज गरीब बहनों को 450 रूपए में गैस कनेक्शन, 6 हजार रूपए केन्द्र सरकार की ओर से सम्मान निधि मिलाकर कुल 12 हजार रूपए किसानों को बतौर सम्मान दे रहे है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के धोखेबाजों को नकारते हुए फिर से भाजपा सरकार बनानी है।

निरंतर विकास के लिए केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार जरुरी- राज्यवर्धन सिंह
प्रदेश सरकार के मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगाँव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार ने जो विकास की अविरल धारा बहाई है वो निरंतर बहती रहे इसके लिए प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार जरूरी है। श्री दत्तीगाँव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पारित कर महिलाओं के नेतृत्व में विकास को अभूतपूर्व गति देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना के माध्यम से मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। लाड़ली बहनें और हर वर्ग का वोटर भारतीय जनता पार्टी को फिर से आशीर्वाद देंगे। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहें अपार जन समर्थन भारतीय जनता पार्टी की विजय दीवार पर लिखी ईबारत की तरह स्पष्ट है।
जनता के वोट से मिलती है भाजपा को ताकत- बंशीलाल गुर्जर
यात्रा प्रभारी बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि BJP जनसेवा के लक्ष्य में जुटी है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान गरीब परिवार में जन्मे है, इसलिए गरीबों के दुख दर्द को समझते है। मोदी जी और शिवराज जी जनता के मन के भीतर कोई बात आती है तो उस बात को योजना के रूप में जनकल्याण के लिए मूर्तरूप देते है। किसान सम्मान निधि, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना जैसी योजनाएं इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता को पूरी ताकत से योजनाएं बनाकर उन्हें क्रियान्वित करती है और भाजपा को यह ताकत जनता के वोट से मिलती है।

गरीब कल्याण के लिए भाजपा को वोट दें- विजय पाल सिंह
सोहागपुर के विधायक विजयपाल सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने जनता के जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की गरीब कल्याण की योजनाएं गरीबों के जीवन में बदलाव लाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी को वोट दें।












Click it and Unblock the Notifications