Damoh: पत्नी का मोबाइल बना दुश्मन, पति ने नाक काटकर शूर्पणखा बना दिया, आंख फोड़ने का प्रयास
दमोह के हिंडौरिया के घाट पिपरिया में चरित्र संदेह के चलते एक पति ने पत्नी को जंगल में ले जाकर चाकू से उसकी नाक काट डाली। पत्नी की आंख फोड़ने का भी प्रयास किया था।

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक पति ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी को जंगल में ले जाकर चाकू से उसकी नाक काट डाली। उसे शूर्पणखा जैसा बना दिया। पति की बर्बरता इतने पर नहीं रूकी, वह पत्नी की आंखे भी फोड़ने के प्रयास में था, लेकिन जैसे-तैसे पत्नी उससे संघर्ष कर भागकर सड़क पर आ गई और चिल्लाकर लोगों से मदद मांगी। पुलिस की डायल 100 ने उसे पहले हिंडोरिया, फिर जिला अस्पताल पहुंचाया है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार किरार कुचबंदिया की पत्नी कविता कुचबंदिया मोबाइल पर अपने माता-पिता से जब-तब बात करती रहती थी। उसके पति को संदेह हो गया कि वह किसी आदमी से चोरी छिपे बात करती है। इस बात को लेकर कई दफा उनके घर में कलह और मारपीट तक की नौबत आ गई। बुधवार को नवरात्र की अष्टमी के बहाने वह पत्नी को बाइक पर घाट पिपरिया ले गया। यहां सड़क पर बाइक खड़ी कर पत्नी को जंगल की तरफ ले गया और सुनसान जगह पाकर चाकू से पत्नी की नाक काट डाली। पत्नी दर्द से बिलबिलती रही थी, लेकिन शराब के नशे में पति का दिल नहीं पसीजा, उसने चाकू से पत्नी कविता की आंख पर हमला किया, ताकि वह अंधी हो जाए। लेकिन कविता पति से संघर्ष करने लगी और धक्का देकर जैसे-तैसे जंगल से बाहर भागकर सड़क पर आग गई।
Recommended Video
राहगीरों ने मदद की, लोगों ने पकड़कर पति को धुना
कविता खून से लथपथ सड़क पर आई और राहगीरों से मदद मांगी, इतने में उसका पति भी पीछे से आ गया। लोगों ने उसे पकड़कर धुन दिया। घायल कविता को डायल 100 की मदद से पहले हिन्डोरिया अस्पताल उसके बाद जिला अस्पताल दमोह में भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि चूंकी नाक का कटा हुआ हिस्सा साथ नहीं था, इसलिए उसे जोड़ा नहीं जा सका है। यदि चंद घंटों में वह मांस का टुकड़ा मिल जाता तो प्लास्टिक सर्जरी कर उसे जोड़ा जा सकता था, लेकिन अब महिला को ऐसे ही रहना पड़ेगा। उधर आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह शराब के नशे में भी था।












Click it and Unblock the Notifications