रामनवमी जुलूस में डीजे वाहन पर लगे लोहे के पाइप में आया करंट, छह लोग झुलसे
छिंदवाड़ा, 11 अप्रैल। रामनवमी के मौके पर निकाले जा रहे जुलूस में डीजे वाहन पर लोहे के पाइप में लगा पाइप हाईटेंशन लाइन के टकरा जाने से करंट फैल गया। आधा दर्जन लोग झुलस गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। हादसा मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में हुआ है।

मीडिया से बातचीत में एएसपी संजीव उइके ने बताया कि डीजे वाहन में करंट फैलने से झुलसे लोगों में महिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीषा पाल, राहुल पाल, अभिषेक गुप्ता, जगदीश चंद्रवंशी और अनु शिवहरे शामिल हैं। जगदीश चंद्रवंशी और एक अन्य घायल को नागपुर रैफर करना पड़ा है।
बता दें कि रामनवमी के मौके पर हिंदू उत्सव समिति की ओर से जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में डीजे की धुन पर लोग नाचते हुए चल रहे थे। रास्ते में जुलूस जब चार फाटक ओवरब्रिज के पास से गुजरा तो हादसा हो गया।
डीजे वाहन में लोहे की रॉड में लगा झंडा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे जुलूस में चल रहे 6 महिला-पुरुष झुलस गए। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल जुलूस को रोका। झुलसे लोगों को तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
करंट की चपेट में आने वालों में कांग्रेस नेता जगदीश चंद्रवंशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीषा पाल, राहुल मालवीय, अभिषेक गुप्ता, अन्नू शिवहरे और लोकेश यादव शामिल है। जगदीश चंद्रवंशी की हालत गंभीर है। उन्हें नागपुर रैफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व स्पीकर दीपक सक्सेना समेत कई कांग्रेसी नेताओं ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
बताया जा रहा है कि लोहे के पाइप को लेकर डीजे वाहन के ऊपर बैठे हुए व्यक्ति ने पाइप को अचानक ऊपर की तरफ उठा दिया, जिससे पाइप इलेक्ट्रिक लाइन के संपर्क में आ गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications