मध्य प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी, जबलपुर में 5 कोविड मरीजों की मौत के बाद हंगामा
मध्य प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी, जबलपुर में 5 कोविड मरीजों की मौत के बाद हंगामा
भोपाल, 24 अप्रैल: कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच मध्य प्रदेश भी ऑक्सीजन की कमी का सामना कर रहा है। मध्य प्रदेश में कई जिलों में अस्पताल ऑक्सीजन की कमी के चलते बाहर ही 'ऑक्सीजन उपलपब्ध नहीं' होने का बोर्ड लगा रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को युद्धस्तर पर ऑक्सीजन अस्पतालों को पहुंचाने का काम शुरू किया है। इस सबके बीच जबलपुर में पांच कोरोना मरीजों की ऑक्सीजन की कमी से मौत का आरोप लगा है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार रात मे गैलेक्सी अस्पताल में कथित तौर पर ऑक्सीजन की कमी से 5 मरीजों की मौत हो गई। इसको लेकर परिजनों ने हंगामा भी किया है। अब मामले में पुलिस जांच कर रही है. लॉर्डगंज पुलिस के मुताबिक, कोविड वार्ड में भर्ती 5 मरीज़ की मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि समय से ऑक्सीजन नहीं मिलने से मौतें हुई हैं, इसको लेकर शिकायत दर्ज कर ली गई है। मध्य प्रदेश के अलावा दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी ऑक्सीजन की कमी है।
ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए भारत सरकार ने जर्मनी से ऑक्सीजन के आयात का फैसला लिया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि भारतीय वायुसेना जर्मनी से 23 मोबाइल ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट एयरलिप्ट करेगी। इन 23 मोबाइल ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट्स को सेना के अस्पताल में लगाया जाएगा। जहां से कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई की जाएगी। वहीं देश में भी ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए वायुसेना ने मोर्चा संभाल लिया है। एयरफोर्स ऑक्सीजन कंटेनर्स को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचा रही है ताकि कम समय में अस्पतालों पर ऑक्सीजन पहुंच सके। वायुसेना की ओर से ऑक्सीजन की सप्लाई को पूरा करने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में ऑपरेशन शुरू किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications