MP News: कांग्रेस की बहुसंख्यक समाज से दुश्मनी, CM मोहन यादव का अल्पसंख्यकों पर भी बड़ा बयान
MP Lok Sabha Chunav 2024: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की बहुसंख्यक समाज से दुश्मनी है। दुश्मनी तो इनकी देशभक्त अल्पसंख्यकों से भी है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से देश के बहुसंख्यकों के साथ छलावा किया है। कांग्रेस को जब भी अच्छे कामों के लिए निमंत्रण दिया गया तो उन्होंने उस निमंत्रण को ठुकराया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू जी से लेकर आज की पीढ़ी तक में ये समस्या है। जब सोमनाथ का मंदिर तोड़ दिया गया तो उसे बनवाने की पहल सरदार वल्लभ भाई ने की।

बता दे मोहन यादव ने मंदसौर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुधीर गुप्ता के समर्थन में गरोठ विधानसभा के भानपुरा, सुवासरा विधानसभा के शामगढ़, रतलाम लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिता नागर सिंह चौहान के समर्थन में जनसभा की।
सीएम यादव ने कहा कि मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में कांग्रेस को आमंत्रण दिया गया तो जब भी इन्होंने आमंत्रण ठुकराया। इन्होंने भगवान सोमनाथ से भी दुश्मनी निभाई थी और अब भगवान श्रीराम से भी दुश्मनी निभाई है। ये उनकी प्राण-प्रतिष्ठा में भी नहीं पहुंचे और आज तक दर्शन करने के लिए भी नहीं जा सके। कांग्रेस की बहुसंख्यक समाज से दुश्मनी है। कांग्रेस के राज में भारत का बार-बार मान मर्दन हुआ। पंडित जवाहर लाल नेहरूजी के कपडे़ धोने के लिए पानी बाहर से आता था। देश जब गरीबी झेल रहा था और वे कोट में गुलाब लगा कर घूमते थे।
अब राहुल गांधी कहते फिर रहे हैं कि उनकी सरकार आएगी तो वे देश से गरीबी मिटाएंगे, लेकिन इतने वर्षों तक सरकार चलाई फिर भी गरीबी नहीं हटी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में सोनिया गांधी ने पीछे से सरकार चलाई, राजीव गांधी, इंदिरा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू ने सरकारें चलाई लेकिन गरीबी दूर नहीं कर पाए। अब ये बाबू साहब कहते हैं कि हमारी सरकार आएगी तो एक झटके में गरीबी दूर कर देंगे।

कांग्रेस उद्योगपति को मुख्यमंत्री बनाती है, भाजपा गरीब को मौका देती है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब मुख्यमंत्री बनाती है तो किसी उद्योगपति को बनाती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी में एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बनता है, एक गरीब मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बनता है। यह सिर्फ भाजपा में ही होता है। कांग्रेस की पहचान ही झूठ बोलने की है। कांग्रेस हमेशा से झूठ के सहारे राजनीति करती रही है। कांग्रेस में ऊपर से लेकर नीचे तक कोई कानून को मानता नहीं है। सब घमंडी लोग हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी, तो उनके तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी ने कहा था कि मैं 1 रुपए भेजता हूं, 15 पैसे पहुंचते हैं। आज नरेंद्र मोदी जी की सरकार है। किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपए भेजे जा रहे हैं तो 6 हजार रुपए किसानों के खातों में सीधे पहुंच रहे हैं। किसी का 1 रुपए भी कम नहीं हुआ है। लाडली बहनों को साढ़े 12 सौ मिलना चाहिए, उनको साढ़े 12 सौ रुपए मिल रहे हैं।
सारे बेईमान परेशान है, एक लाइन में खड़े हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम लोकसभा सीट के थांदला में आयोजित रोड शो में शामिल होकर यहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अब घमंडिया गठबंधन के सारे बेईमान परेशान हैं, एक लाइन में खड़े हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को अब सभी गाली बक रहे हैं। इस बार का चुनाव ईमानदारी और बेईमानी के बीच का चुनाव है। इस घमंडिया गठबंधन के कई नेता जेल में है तो कई जमानत पर बाहर हैं। यह चुनाव ऐसे व्यक्ति के बीच में हो रहा है जिसका न कोई मकान, न कोई दुकान, न जमीन, न बच्चे जिनका खुद के जीवन के लिए कोई उपभोग नहीं है, लेकिन वे पूरे देश के लिए जी रहे हैं। भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए उनकी सुबह भारत माता की सेवा के साथ होती है। वे बिना अवकाश लिए लगातार 25 साल से जनता की सेवा में लगे हुए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रोड शो करके थांलदा की जनता का अभिवादन स्वीकार किया एवं उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

कांग्रेस आदिवासियों की इज्जत उछालती है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आदिवासियों की पगड़ी उसकी इज्जत है, उसका मान-सम्मान है, लेकिन कांग्रेस आदिवासियों की पगड़ी को उछालती है। उनके नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर आए तो उन्हें आदिवासियों ने पगड़ी पहनाई, लेकिन उन्होंने उनकी पगड़ी को उछाल दिया। कांग्रेस को यह माथे की पगड़ी फेंकना बहुत महंगा पड़ेगा। यह आदिवासियों की इज्जत है। कांग्रेस तो ऐसी रेल में बैठी है, जिसमें न आगे इंजन है और न ही पीछे इंजन है। यह तो डूबता हुआ जहाज है।
कांग्रेस महिलाओें और गरीबों का अपमान करती है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में गरीबों का अपमान बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। जो गरीबों का अपमान करे, ऐसे लोगों को सरकार में नहीं रहना चाहिए। एक कलेक्टर साहब ने एक ड्राइवर की औकात पूछी तो हमने उनको घर भेज दिया। भाजपा की सरकार में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। खुले में मांस-मटन नहीं बिकने देंगे। यह निर्णय लागू कराया। कांग्रेस महिलाओं का अपमान करती है, कांग्रेस की ये गलत दृष्टि है। इसको जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस अपने कर्मों की सजा भुगत रही है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस अपने कर्मों से मर रही है, कदम-कदम पर गलतियां की है। इन्होंने मुस्लिम लीग के आगे घुटने टेके और बंटवारा कराया। 1906 से 1936 तक भारत में देशभक्त मुसलमान और मुस्लिम लीग के बीच चुनाव होता था, देशभक्त मुसलमान जीतते थे। देशभक्त मुसलमानों ने कभी भी पाकिस्तान की मांग नहीं की। कांग्रेस हमेशा डबल चश्मे से देखती है। 250 सालों तक अंग्रेजों ने हिन्दुस्तान को लूटा और यहां के संसाधनों का भरपूर उपयोग किया और बाद में अपने साथ ले भी गए। अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस को छोड़ गए।
भाजपा ने हमेशा से विकास पर ध्यान दिया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने हमेशा से विकास पर ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में माताओं, बहनों को गैस सिलेंडर मिले। गरीबों को मकान मिले। प्रदेश की भाजपा सरकार में भी गरीबों, किसानों, महिलाओं, बहनों, युवाओं सहित हर वर्ग के लिए योजनाएं शुरू की गईं हैं। लाडली बहना योजना से बहनों को उनका सम्मान मिला है।












Click it and Unblock the Notifications