Nikay Chunav : कांग्रेस प्रत्याशी का वीडियो वायरल, भाजपा बोली-नोट बांटे, निधि बोली-गुब्बारे खरीदे
सागर, 20 जून। मप्र नगरीय निकाय चुनाव के दौरान अब शिकवा-शिकायतें और गंभीर आरोप का दौर शुरू हो गया है। सागर से कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन पर भाजपा ने पैसे बांटने के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला एवं राज्य निर्वाचन आयोग को शिकायत की है। भाजपा ने इस आशय के एक वीडियो की सीडी भी निर्वाचन आयोग को सौंपी है। उधर बीती शाम कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग कार्यालय के नोटिस बोर्ड से प्रत्याशियों के शपथ-पत्र की प्रतियां गायब करने का आरोप लगाया था, ताकि कोई व्यक्ति दावे-अपत्तियां न लगा सके। कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उन्होंने मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने नाती के लिए गुब्बारे खरीदे थे। तब मेरा नामांकन भी जमा नहीं हुआ था।

भारतीय जनता पार्टी ने सागर में सोमवार को सागर जिला निर्वाचन अधिकारी और मप्र जिला निर्वायन आयोग में कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन की शिकायत की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय के राहुल कोठारी और भगवानदास सबनानी ने शिकायत में कहा है कि एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी निधि सुनील जैन अपने गले में कांग्रेस का डुपट्टा डाले हुए हैं और मतदाताओं को 500-500 रुपए के नोट बांटते हुए दिख रही हैं। वीडियो की सीडी भी शिकायत के साथ संलग्न की गई है। भाजपा ने कहा है कि यह निधि जैन द्वारा मतदाताओं को खुलेआम धनराशि बांटकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है तथा मतदाताओं को प्रलोभित किया जा रहा है, जो आदर्श आचार संहिता का स्पष्ठ रुप से उल्लंघन की श्रेणी में आता है और गंभीर अपराध है। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से मांग करते हुए कहा है कि महापौर पद की प्रत्याशी निधि जैन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका नामांकन रद्द किया जाए।

चंद सेकंड का वीडियो वायरल हुआ है
कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा जो पैसे बांटने का वीडियो वायरल किया गया है, उसमें निधि जैन किसी मंदिर परिसर के बाहर खुले मैदान में दिख रही हैं। यहां सडक किनारे गुब्बारे बेचने वाली एक महिला से मिलकर सीधे मुडकर दूसरी गरीब महिला को हाथ में कुछ पैसे देते दिख रही हैं। मौके पर एक और महिला खडी है जो हाथ में कुछ नोट लिए है। हालांकि नोट कितने का है यह स्पष्ट नहीं दिख रहा है।
मंदिर में नाती के लिए गुब्बारे खरीदे, उसके पैसे दिए
भाजपा ने जो वीडियो वायरल किया है, वह मेरे फेसबुक पेज पर हमने ही डाला है। 14 जून को हम बालाजी मंदिर दर्शन करने गए थे, तब मैने नामांकन भी जमा नहीं किया था। दर्शन करने के बाद नाती के लिए गुब्बारे खरीदे थे, उसके पैसे गरीब दुकानदार महिला को दिए थे। इतनी ओछी हरकत हम लोग नहीं करते। भाजपा झूठ फैला रही है।
- निधि जैन, महापौर प्रत्याशी कांग्रेस, सागर












Click it and Unblock the Notifications