CM Shivraj ने किया स्टेट मीडिया सेंटर का शिलान्यास, पत्रकारों से कही ये बात
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी भोपाल में 28 करोड़ की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त स्टेट मीडिया सेंटर का शिलान्यास किया। इस दौरान मंत्री राजेंद्र शुक्ल, मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया समेत तमाम मीडियाकर्मी मौजूद रहे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, पत्रकार, समाज और सरकार के बीच में सेतु होते हैं, पत्रकार का धर्म पत्रकारिता होता है। पत्रकार की आत्मा में सूचना और संस्कार बसता है। एक पत्रकार समाजसेवी भी होता है।

सीएम शिवराज ने कही ये बात
सीएम शिवराज ने कहा कि, पत्रकार और पत्रकारिता, लोकतंत्र का प्राण कहे जाते हैं। मेरा सौभाग्य है कि पंडित माखनलाल चतुर्वेदी, पत्रकारिता के पुरोधा बने, जिन्होंने देशभक्ति की अलख जगाने वाली कविताएं लिखीं, वे मध्यप्रदेश की धरती पर जन्मे। मप्र ने पत्रकारिता का कठिन परिश्रम, पहाड़ सा हौसला, नदी सी विनम्रता, ज्ञान और गंभीरता देखी है। आज सिर्फ राज्य मीडिया सेंटर का भूमिपूजन नहीं हो रहा बल्कि आज मैं भविष्य के ऐसे वटवृक्ष का बीज रोप रहा हूं, जिसकी अनुभव की शाखाओं पर अनंत आशाएं साकार होंगी।
पत्रकारों को दी कई सौगातें
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आधुनिक सुविधायुक्त स्टेट मीडिया सेंटर का भूमिपूजन कर पत्रकार साथियों को अनेक सौगातें भी दीं। प्रदेश में महिला विकास एवं कल्याण के कार्यों पर अध्ययन करने माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय एवं जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से प्रतिवर्ष 5 महिला पत्रकारों को फैलोशिप दी जाएगी। 1 महीने के अंतराल से हर छोटे समाचार-पत्र को विज्ञापन देने की व्यवस्था की जाएगी। 70 साल से अधिक के वरिष्ठ पत्रकारों को स्थायी अधिमान्यता कार्ड दिया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications