शिवराज सिंह चौहान का ऐलान, काम के लिए गांव से बाहर जाने वाली महिलाओं का होगा रजिस्ट्रेशन
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि गांव से बाहर काम करने जाने वाली महिलाओं का रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। सीएम ने बताया कि ये प्रक्रिया उनकी सुरक्षा के लिए होगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य के अंदर बड़ी संख्या में गांव से बाहर युवतियां काम की तलाश में जाती हैं, काम के लिए बाहर जाने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, इसलिए सरकार उनके रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पर काम कर रही है।

कैसे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया होगी पूरी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार हर संभव कदम उठाती आई है और उठाती रहेगी। रजिस्ट्रेशन की दिशा में निरन्तर कार्य जारी रहेगा ताकि बहनें स्वयं सशक्त होकर एक सशक्त समाज की रचना में सहयोगी बनें। सीएम ने बताया कि इसके लिए एक अभियान चलेगा, जिसके लिए यह व्यवस्था की जा रही है कि गांव से जो बेटी बाहर काम के लिए जाएगी, उसकी जानकारी सरकार को देनी होगी। साथ ही एक टेलीफोन नंबर होगा जिस पर बेटी किसी भी तरह की समस्या पर कॉल कर सकती है और सहायता व सहयोग मांग सकती है।
पोषण आहार महिलाएं तैयार करेंगी- शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पोषण आहार तैयार करने का कार्य अब ठेकेदार नहीं बल्कि महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी। इन समूहों के उत्पाद पोर्टल के माध्यम से दूसरे देशों तक जा सकेंगे। गरीबी मिटाने का यह बहुत बड़ा माध्यम होगा।












Click it and Unblock the Notifications