जो काम अंग्रेजों ने भी नहीं किया वह पाप कांग्रेस ने किया, CM मोहन यादव का विपक्ष पर तीखा हमला
सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमारे देश के साधु-संत भगवा पहनते हैं। वे संस्कृति की रक्षा करते हैं। भाजपा भी हमेशा से भगवा की पक्षधर रही है। अब दूरदर्शन के लोगों में भगवा रंग हो गया तो कांग्रेस के लोग उस पर भी आपत्ति उठा रहे हैं। हिन्दुओं के चिन्हों से कांग्रेस को हमेशा से नफरत रही है। वर्षों तक हमारे देश पर राज करने वाले अंग्रेजों ने भी जो पाप और काम नहीं किए उन कामों को करने का पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है।
500 साल से बाहर बैठे भगवान श्रीराम को 70 सालों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी मंदिर में विराजमान नहीं करवा सकी। हम सौभाग्यशाली हैं कि हम उस देश में रह रहे हैं, जहां गीता, गंगा और गौ माता को पूजा जाता है और उनके कारण ही दुनिया में भारत की संस्कृति जीवित है, हमेशा पूजती रही और अब उस संस्कृति एवं भारत माता की आन, शान बान को बचाने के लिए उनके पीछे 56 इंच का सीने लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खड़े हैं।

यह बातें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रीवा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्री जनार्दन मिश्रा के समर्थन में सेमरिया विधानसभा, सतना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्री गणेश सिंह के समर्थन में अमरपाटन विधानसभा, दमोह लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राहुल लोधी के समर्थन में बण्डा विधानसभा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।

कदम-कदम पर कांग्रेस ने अड़ंगे लगाए
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमारे अपने देश को लजाने का काम करते हैं और वोट मांगने सबके पास जाते हैं। ये नादान कांग्रेस के लोग थे, जिन्होंने भगवान श्रीराम के आमंत्रण को भी ठुकराया। वे अयोध्या में दर्शन करने अंदर नहीं आए। भगवान श्रीराम 500 वर्षों तक खुले आसमान के नीचे बैठे रहे और कांग्रेस पार्टी ने 70 सालों तक देश पर राज किया, लेकिन ये भगवान श्रीराम को मंदिर में विराजमान नहीं करवा पाए। कांग्रेस को जितना हिंदू समाज और मुस्लिम समाज को परेशान करना था कर लिया। वे भगवा का भी अपमान करते हैं।
ये केवल भगवा का अपमान नहीं, यहां के देशभक्त मुसलमान को भी हिंदू-मुसलमान में लड़ाने का प्रयास करते हैं। श्रीराम मंदिर को लेकर देश में जब-जब दंगे हुए। कांग्रेस की सरकार में दंगे हुए। कश्मीर के अंदर 40 हजार से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है। ये हत्या का कलंक कांग्रेस के माथे पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस के अतीत को देखेंगे तो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय किसी ने स्थापित किया तो तत्कालीन कांग्रेस के अध्यक्ष पंडित मदन मोहन मालवीय ने स्थापित किया था। बाल गंगाधर तिलक भी कांग्रेस के अध्यक्ष रहे, उन्होंने जगह-जगह भगवान गणेशजी के लिए गणेश उत्सव की स्थापना कर दी और वर्तमान कांग्रेस तो सनातन धर्म को ही बदनाम करने में जुटी हुई है।

कांग्रेस के पास सोच और लीडरशिप दोनों का अभाव है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि 1857 की लड़ाई हिंदू-मुस्लिम दोनों ने मिलकर लड़ी, लेकिन अंग्रेजों ने फूट डालने का बीज डाला। धीरे-धीरे कांग्रेस ने अपनी गलतियों को याद करने के बजाय देश को ऐसे मुकाम पर लाकर छोड़ दिया है, जहां लीडरशिप का अभाव है, सोच का अभाव है। उन्होंने कहा कि बंद पड़ी बस को अगर चालू करना है तो समझदार लोग पीछे से धक्का लगाएंगे और ड्राइवर साहब खटर-पटर करेंगे। हो सकता है बस चालू हो जाए, लेकिन कांग्रेस की बस ऐसे खड़ी है कि जिसमें डीजल-पेट्रोल तो था। धक्का 4 आगे से लगा रहे हैं और 4 पीछे से। उनको समझ में नहीं आ रहा, बस चलेगी कैसे..? ये नादान की दोस्ती जी का जंजाल है।
अंग्रेज देश नहीं बांट पाए, लेकिन कांग्रेस ने बांट दिया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि अंग्रेजों ने इतने वर्षों तक हमारे देश पर राज किया, लेकिन वे देश नहीं बांट पाए और कांग्रेस ने जब देश आजाद हुआ तो उन्होंने देश का बंटवारा पहले ही पसंद कर लिया। देश के बंटवारे को मंजूर करना कांग्रेस का सबसे बड़ा अपराध था। देश के बंटवारे के समय झूठ बोला गया कि चाहे सिख हो, मुस्लिम हो, जिसको भी भारत में आना होगा। हम सबका स्वागत करेंगे, लेकिन वह आश्वासन झूठा हुआ, क्योंकि सीएए का सबसे ज्यादा विरोध कांग्रेस ने किया।
हमारे लिए हिंदू और मुसलमान इस देश के अंदर दोनों देशवासी हैं। हम इस भाव से देखते हैं। हम रसखान की कविताओं को भी स्मरण करते हैं और कबीर दास जी के दोहों का भी सम्मान करते हैं, लेकिन अपने देश के अंदर भगवान श्रीराम का कोई अपमान करे, यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। जैसे रावण को मारने के लिए उसके नाभि के अमृत को जलाना पड़ा वैसे ही कांग्रेस की इस मानसिकता को जलाने के लिए भाजपा का बटन दबाओ।












Click it and Unblock the Notifications