'दिनदहाड़े इंग्लिश सीखें', शराब दुकान पर पोस्टर लगाने वाले पर कार्रवाई, जानें अब DM मैडम ने क्या सजा सुनाई है?
Burhanpur News: मध्य प्रदेश में एक शराब की दुकान के मालिक ने अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए अनोखे विज्ञापन का सहारा लिया। जिस पर लिखा था 'दिनदहाड़े अंग्रेजी बोलना सीखें' और नीचे शराब की दुकान यानी ठेके का रास्ता दिखाया गया था। हालांकि, प्रशासन इसके खिलाफ कार्रवाई की और 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
पोस्टर वायरल हुआ तो इस पर बहस छिड़ गई थी। स्थानीय लोगों और कई स्टूडेंट्स का कहना था कि अंग्रेजी बोलना सीखने के नाम पर ये पोस्टर भ्रमित करने वाला है।

छात्रों ने कहा कि ऐसा लगता है कि इस पोस्टर से ये संदेश दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब पीने के बाद बेबाक इंग्लिश बोली जा सकती है। ऐसे पोस्टर को देखकर छात्रों पर गलत असर पड़ेगा। छात्रों ने कहा कि पहली नज़र में ये पोस्टर इंग्लिश बोलना सीखाने वाले कोचिंग सेंटर का विज्ञापन लगता है। लेकिन ये ठेके का रास्ता बताता है। ऐसा पोस्टर लगाना शिक्षा के साथ भद्दा मजाक है।
वहीं जब इस शराब की दुकान पर काम करने वाले लोगों से इस पोस्टर के बारे में पूछा गया कि ये किसने लगाया, तो किसी ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। इस तरह का पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
जब बुरहानपुर की कलेक्टर भव्या मित्तल को इस तरह के पोस्टर की सूचना मिली तो उन्होंने आबकारी अधिकारी के जरिए कार्रवाई करने की बात कही थी। उन्होंने आबकारी विभाग को इस पोस्टर को हटाने और ऐसा पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
अब इस पूरे मामले पर कार्रवाई की गई है। जिला आबकारी अधिकारी वीरेंद्र धाकड़ को दिए गए निर्देश के बाद संबंधित शराब ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications