MP News: मध्य प्रदेश उपचुनाव: शिवराज और मोहन यादव ने बीजेपी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया तेज
मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों, बुधनी और विजयपुर, पर हो रहे उपचुनाव के प्रचार ने अब जोर पकड़ लिया है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जोड़ी ने बुधनी में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में अपनी ताकत झोंकी और जमकर प्रचार किया।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखे हमले किए और अपनी सरकार की योजनाओं का भी बखान किया।

बुधनी में शिवराज और मोहन यादव का जोरदार प्रचार
बुधनी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चुनावी सभा में कहा कि "बुधनी का विकास देखकर लगता है कि काश मेरा घर भी बुधनी में होता।" उनके इस बयान ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मंच से कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "कांग्रेस एक फुस्सी बम है, उनकी गारंटियां हिमाचल और कर्नाटक में पूरी तरह से विफल हो गई हैं।"
शिवराज ने कांग्रेस की नीति और रणनीतियों को कठघरे में खड़ा करते हुए बीजेपी के विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जहां भी सत्ता में काम किया, वहां की जनता को धोखा ही मिला, जबकि बीजेपी ने हमेशा जनता के हित में काम किया।
विजयपुर में भी बीजेपी का जोरदार प्रचार
इससे पहले, शिवराज सिंह चौहान ने विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में भी भा.ज.पा. प्रत्याशी रामनिवास रावत के पक्ष में एक बड़ी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया, जिनसे प्रदेश के किसानों और महिलाओं को लाभ हुआ है।
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही है। इसके अलावा, शिवराज ने किसानों के बारे में कहा, "किसान अब अपनी उपज को जहां ज्यादा दाम मिले, वहां बेच सकते हैं। सरकार उनका आने-जाने का खर्च उठाएगी।" उन्होंने ये भी कहा कि किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं के जरिए सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बीजेपी का आरोप: कांग्रेस ने जनता को धोखा दिया
बीजेपी नेताओं ने अपने भाषणों में कांग्रेस के नेतृत्व को निशाने पर लिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा चुनावों के समय जनता से झूठी गारंटियों का वादा किया, लेकिन जब सत्ता मिली, तो उनके वादे पूरी तरह से धराशायी हो गए। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के चुनाव परिणामों का हवाला देते हुए शिवराज ने कहा कि कांग्रेस की गारंटियों का क्या हाल हुआ, ये सभी जानते हैं।












Click it and Unblock the Notifications