MP News: 7 साल की नाबालिग बच्ची के साथ बीजेपी नेता की शर्मनाक करतूत, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि पर केस दर्ज
Tikamgarh News: टीकमगढ़ में भाजपा नेता पर 7 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी ने बच्ची को अपने घर ले जाकर छेड़छाड़ की थी। बच्ची की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
आरोपी का नाम आशीष तिवारी है। जो कि सालों से भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता रहा है। बीती 10 सितंबर को ही केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने उसे अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया था। हालांकि मामला सामने आने के बाद सांसद की तरफ से एक पत्र जारी कर तिवारी को सांसद प्रतिनिधि के दायित्व से तत्काल हटाने की सूचना जारी की गई है।

छेड़छाड़ का यह मामला 19 सितंबर गुरुवार का है। जिसके बारे में पीड़िता ने शुक्रवार को अपनी मां को बताया। जिसके बाद महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर इस बारे में पुलिस के पास आरोपी आशीष तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराते हुए बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि यह वारदात उस समय हुई जब बच्ची गुरुवार को अपने घर के पास साइकिल चला रही थी, इसी दौरान वहां आरोपी आशीष तिवारी आया और बहला-फुसलाकर बच्ची को अपने साथ चलने के लिए कहा। बच्ची उसकी बातों में आ गई और उसके साथ उसके घर चली गई। जिसके बाद आरोपी ने अपने घर का दरवाजा बंद करते हुए बच्ची के साथ छेड़छाड़ किया है।
जब बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने इस बारे में किसी को भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी थी। जिसके चलते बच्ची ने उस दिन तो मां को कुछ नहीं बताया, लेकिन हिम्मत करते हुए अगले दिन सबकुछ बता दिया। जिसके बाद पीड़ित बच्ची की मां थाने पहुंची थी और आरोपी बीजेपी नेता के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
सांसद वीरेंद्र कुमार खटीक ने 10 सितंबर को एक पत्र जारी किया था, जिसमें आशीष तिवारी को सांसद प्रतिनिधि बनाया था। आशीष तिवारी को टीकमगढ़ जिले के उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक का सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया गया था। आरोपी भाजपा में सदस्यता प्रभारी और युवा मोर्चा में भी शामिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications