MP News: BJP कोर कमेटी की बैठक में रूठों को मनाने के लिए हुआ मंथन, 25 सितंबर को होगा कार्यकर्ताओं का महाकुंभ
बीजेपी की कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में 14 वरिष्ठ नेताओं द्वारा फीडबैक रिपोर्ट को पेश किया गया।

BJP core committee meeting: राजधानी भोपाल स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक संपन्न हुई। जिसमें पार्टी से नाराज और उपेक्षा से दुखी कार्यकर्ताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को साधने के लिए रणनीति बनाने पर चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री सरदेन्दू तिवारी ने कहा कि BJP के सभी कार्यकर्ता समन्वय के साथ कार्य करते है। पार्टी प्रत्येक 5 वर्ष में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन करती है। आगामी 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा।
नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए होगा संवाद
मंगलवार को ही कोर कमेटी की बैठक में आगामी चुनाव के मद्देनजर पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में असंतुष्ट और नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए संवाद शुरू करने के लिए कहा गया । बैठक में तय हुआ कि पार्टी छोटे कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं की नाराजगी को दूर करेगी। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। वरिष्ठ नेताओं का लाभ लेने के लिए भी कार्य योजना बनाने का निर्णय लिया गया है। कोर ग्रुप की बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, सहित केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित रहे।

मन की बात कार्यक्रम का 100 वां एपीसोड
सरदेन्दू तिवारी ने कहा कि आज कोर ग्रूप, संभाग प्रभारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा हुई। 30 अप्रैल को पीएम नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100 वां एपीसोड को प्रत्येक बूथ पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सभी वरिष्ठ नेता सहित 100 कार्यकर्ता हर बूथ पर रहेंगे।
तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने पर 15 मई से 15 जून तक प्रदेश में कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बूथ विस्तार अभियान 2 के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने बूथ पर पहुंचकर बूथ को सशक्त करने का काम किया है। हर बूथ पर 51 प्रतिशत मत प्राप्त करना भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है, हम उस दिशा में आगे बढ रहे है।
सरदेन्दू तिवारी ने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चो ने अलग-अलग अभियान तय किए है। बैठक में 5-6 महीने का आगामी कैलेंडर, केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर ले जाना, लाडली बहना योजना सहित अन्य विषयों को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
जिलों से मिली थी नाराजगी की रिपोर्ट
बता दे प्रदेश की कोर कमेटी की बैठक के पहले जिलों से मिले नाराजगी के फीडबैक को लेकर अलग-अलग टोलियो में बैठकें हुई। इन बैठकों में नाराजगी की वजह बताई गई। बैठकों में शामिल नेताओं में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हित आनंद शर्मा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मंत्री गोपाल भार्गव पूर्व विधायक राजेंद्र शुक्ल पूर्व सांसद कृष्ण मुरारी मोघे समेत अन्य नेता शामिल हुए थे
महिला मोर्चा 19 अप्रैल को भोपाल में आयोजित करेगा धन्यवाद सम्मेलन
भोपाल में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने बताया कि कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में मंदसौर जिला द्वारा 19 अप्रैल बुधवार को दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा चलाई जा रही लाडली बहना योजना को लेकर ''धन्यवाद सम्मेलन'' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश की पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया सहित मंदसौर जिले के जनप्रतिनिधिगण एवं संगठन के राष्ट्रीय एवं जिला पदाधिकारीगण उपस्थित रहेंगी। सम्मेलन में मंदसौर जिले की हजारों लाडली बहना सहभागिता करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications