MP News: लाड़ली बहना योजना की 24वीं किस्त से पहले बड़ा अपडेट, 10,963 महिलाएं हुईं योजना से बाहर
MP News: मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी और महिला सशक्तिकरण को समर्पित लाड़ली बहना योजना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। हर महीने 1250 रुपए की सहायता राशि देने वाली इस योजना की 24वीं किस्त मई माह के अंत तक लाभार्थी महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जानी है। लेकिन इस बार करीब 10,963 महिलाएं इस योजना से बाहर हो गई हैं, जिनके खाते में यह राशि नहीं आएगी।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, योजना के पोर्टल से इन महिलाओं के नाम स्वतः हटा दिए गए हैं, जिनमें से कई महिलाएं योजना की शर्तों को अब पूरा नहीं करतीं।

Ladli Behna Yojana: क्यों नहीं मिलेगा इन महिलाओं को लाभ? जानिए वजहें
राज्य सरकार द्वारा साझा की गई रिपोर्ट के अनुसार, विभिन्न कारणों से इन महिलाओं को इस बार योजना का लाभ नहीं मिलेगा
- 60 वर्ष से अधिक आयु पूरी करने वाली महिलाएं: 10,963
- लाभ परित्याग करने वाली महिलाएं: 890
- मृत महिलाएं: 646
- समग्र आईडी से हटाई गई महिलाएं: 426
- आधार से समग्र डि-लिंक महिलाएं: 505
- अपात्र घोषित महिलाएं: 690
- इस प्रकार कुल मिलाकर 13,420 महिलाओं को किसी न किसी कारण से इस बार की किस्त से वंचित कर दिया गया है।
Ladli Behna Yojana: कौन हैं योजना से बाहर होने वाली महिलाएं?
सरकार द्वारा योजना के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार, जिन महिलाओं की आयु 60 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उन्हें अब योजना के अंतर्गत पात्र नहीं माना जाएगा। इसके अलावा, निम्नलिखित श्रेणियों की महिलाएं भी योजना का लाभ नहीं उठा सकतीं:
- अविवाहित महिलाएं - योजना केवल विवाहित, विधवा, परित्यक्ता या तलाकशुदा महिलाओं के लिए है।
- जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख से अधिक है - ऐसे परिवारों की महिलाएं इस योजना के लिए अपात्र हैं।
- जिनके परिवार में पूर्व सांसद या विधायक हो - इनकी पात्रता स्वतः समाप्त मानी जाती है।
- सरकारी पदधारी परिवार की महिलाएं - यदि किसी महिला के परिवार का सदस्य सरकारी सेवा में है, तो वह इस योजना के लिए अयोग्य मानी जाती है।
कितनी महिलाएं अभी भी पा रही हैं लाभ?
हालांकि हजारों महिलाएं योजना से बाहर हो गई हैं, लेकिन राज्य में 3,92,912 महिलाएं अब भी इस योजना के तहत पात्र हैं और उन्हें समय पर मासिक सहायता मिलती रहेगी। लाड़ली बहना योजना की शुरुआत से लेकर अब तक करोड़ों रुपये की राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।
क्या करें बाहर हुई महिलाएं?
यदि किसी महिला को लगता है कि उसे गलत तरीके से योजना से बाहर किया गया है, तो वह संबंधित पंचायत या नगर निकाय कार्यालय में जाकर स्थिति की जानकारी ले सकती है और पुनः पात्रता के लिए आवेदन कर सकती है। राज्य सरकार ने साफ किया है कि पात्रता साबित होने पर योजना में पुनः शामिल किया जा सकता है।
लाड़ली बहना योजना ने प्रदेश की लाखों महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का काम किया है। लेकिन योजना की पारदर्शिता और वास्तविक जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के लिए सरकार समय-समय पर डेटा को अपडेट कर रही है। यह बदलाव उसी प्रक्रिया का हिस्सा है, ताकि सरकारी सहायता उन तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे अधिक ज़रूरत है।












Click it and Unblock the Notifications