करंट ने ली ढाई साल के इकलौते बेटे की जान, घर पर खेलते समय डाल दिया था कूलर के पानी में हाथ
Bhind News, भिंड। इन दिनों आसमां से आग बरस रही है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग कूलर, पंखों व एसी तक का सहारा ले रहे हैं। ये विद्युत उपकरण जरा सी लापरवाही में जानलेवा साबित हो सकते हैं। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सामने आया है। यहां एक कूलर बच्चे की मौत की वजह बन गया। घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है।

हुआ यूं कि भिंड जिले के गांव धरई में सुनिल यादव का ढाई साल का बेटा युवराज उर्फ लक्की दोपहर को घर पर खेल रहा था। गर्मी के तेवर तीखे होने के कारण कमरे में कूलर भी चल रहा था। कूलर की एक तरफ की टाट खुली हुई थी। युवराज खेलता खेलता कूलर के पास चला गया और कूलर में भरे पानी में हाथ डाल दिया। पानी में करंट आ रहा था, जिसकी चपेट में आने से युवराज की मौत हो गई।
करंट लगने के बाद वह जोर से चिल्लाते हुए वहीं फर्श पर गिर गया। ताऊ अनिल यादव और बुआ चंचू देवी आदि ने उसे संभाला और तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवराज परिवार में इकलौता बेटा था।
जबलपुर में गर्मी से एक की मौत
जबलपुर। गढ़ा पुलिस थाने के एसआई सूरज पांडेय ने बताया कि युवक का शव अंधमुक बाइपास के पास से बरामद किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गर्मी से युवक को पहले उल्टियां हुई। उसके बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।












Click it and Unblock the Notifications