कोहरा बना काल : बैतूल-इंदौर NH 59 पर बेकाबू कार आम के पेड़ से टकराई, पति-पत्नी समेत 5 की मौत
बैतूल, 30 दिसम्बर। मध्य प्रदेश में इन दिनों सर्दी सितम ढा रही है। कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छा रहा है। बैतूल-इंदौर एनएच 59 ए पर तो कोहरा काल बन गया और पांच लोगों की जिंदगी लील ली।

चार लोगों की मौत घटना स्थल पर हो गई
गुरुवार सुबह NH 59 A जोगली शुगर मिल के पास एक अनियंत्रित कार आम के पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत घटना स्थल पर हो गई और एक महिला की भोपाल में मौत हुई। जबकि एक महिला गम्भीर हैं जिसे भोपाल रैफर किया गया है ।

टेमागांव बारात में गए थे
बैतूल के तीन गांव भडूस, गोरेगांव, आमला के कुछ लोग हरदा जिले के टेमागांव बारात में गए थे। शादी से वापस आते समय बैतूल-इंदौर नेशनल हाईवे पर जोगली गांव के पास कार पेड़ से टकरा गई। राजकुमार चढोकार और उनकी पत्नी शोभा चढोकर, अनिल उर्फ गोलू घोड़की और उनका बेटा निशांतु घोड़की की घटनास्थल पर मौत हो गई। एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

भोपाल में हेमलता की मौत हो गई
दो महिलाएं जिनमें मृतक अनिल की पत्नी हेमलता घोड़की और दीक्षा कुंभारे की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय से भोपाल रैफर किया गया था, भोपाल में हेमलता की मौत हो गई। मृतक अनिल घोड़की के भांजे की बारात बैतूल के सिरज गांव से टेमागांव गई थी और शादी के बाद अनिल अपने रिश्तेदारों के साथ बैतूल वापस आ रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया।

कार में फंसे मृतकों के शवों को बाहर निकाला
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से कार में फंसे मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया। एक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए। चिचोली टीआई अजय सोनी ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार की अधिक रफ्तार व कोहरा माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications