विधायकों-सांसदों की कुंडली तैयार कर प्रवासी विधायक रवाना, सीधे अमित शाह को सौंपेंगे गोपनीय रिपोर्ट
MP Assembly Election 2023: चार राज्यों के विधायक MP में विधानसभा-लोकसभा की कुंडली तैयार करके रवाना हो गए हैं। बुंदेलखंड के सागर संभाग में 26 विधानसभाओं सहित प्रदेश की सभी 230 विधानसभाओं में यूपी, बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र के विधायकों को भेजा गया था। ये विधायक अपनी रिपोर्ट सीधे आलाकमान को सौंपेंगे। सूत्र बताते हैं कि विधानसभा के साथ-साथ प्रवासी विधायकों ने लोकसभा चुनाव को लेकर भी सांसदों की रिपोर्ट तैयार की है।

बुंदेलखंड में यूपी के विधायकों को सभी 26 विधानसभा सीटों पर सर्वे, पार्टी और प्रत्याशी के पक्ष-विपक्ष का माहौल, विधानसभा चुनाव में क्या स्थिति बनेगी, वर्तमान विधायकों को परफॉर्मेंस कैसा है, कार्यकर्ताओं की अपेक्षाएं और अंदरूनी विरोध, विधायक और पार्टी की चुनाव में क्या स्थिति रहेगी, किन विधानसभाओं में स्थिति मजबूत और कमजोर है, विकास के कार्यों का जनता में क्या रूझान है, जैसे अनेक विषयों पर नब्ज टटोली है। प्रवासी विधायक पूरे एक हफ्ते तक प्रभार वाले विधानसभा क्षेत्रों में रहकर अपनी रिपोर्ट तैयार कर वापस लौट गए हैं।
लोकसभा चुनाव को लेकर भी रिपोर्ट तैयार कराई गई है
भाजपा सूत्रों की माने तो प्रवासी विधायकों ने केवल विधानसभा चुनाव ही नहीं बल्कि लोकसभा चुनाव को लेकर संसदीय क्षेत्र और वर्तमान भाजपा सांसदों की कार्यप्रणाली, जनता में छवि, कार्यकर्ताओं की नाराजगी, पार्टी के अंदर सांसदों को लेकर क्या रूझान है, चुनाव में यदि उनको टिकट दिया गया तो क्या स्थिति बनेगी जैसे सवालों पर जमीनी हकीकत को देखते हुए रिपोर्ट तैयार कराई गई है।
गृहमंत्री अमित शाह को सीधे सौंपेंगे रिपोर्ट
भाजपा के अंदरखानों की खबरों को माने तो प्रवासी विधायक अपनी रिपोर्ट सीधे आलाकमान और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सौंपेंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगाएगी। यह रिर्पोट काफी अहम मानी जा रही है।
कई विधानसभाओं में नए चेहरे को मौका मिल सकता है
बता दें कि पार्टी सर्वे व प्रवासी विधायकों की रिपोर्ट के आधार पर ही भाजपा विधायकों के अगले चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर भविष्य तय होगा। मैदानी हकीकत से वाकिफ होने के बाद पार्टी प्रदेश में कुछ वर्तमान विधायकों के टिकट काट सकती है तो कुछ के क्षेत्र बदले जा सकते हैं। कुछ जगह नए और साफ-स्वच्छ छवि वाले लोगों को विधानसभा में मौका दिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications