MP: बुंदेलखंड-चम्बल के युवाओं को "अग्निवीर" बनने का मौका, अक्टूबर में सागर में सेना की भर्ती रैली होगी
सागर, 22 जुलाई। मप्र में "अग्निवीर" योजना के तहत बुंदेलखंड, ग्वालियर व चंबल संभाग के युवाओं को सेना में शामिल होने का अवसर मिलने वाला है। इसके लिए आगामी अक्टूबर महीने में सागर में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन होने वाला है। इसके लिए सेना के अधिकारी सागर आएंगे।

सागर जिले में अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन आगामी 07 से 16 अक्टूबर तक किया जाएगा। रैली शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित की जाएगी। दस दिवसीय भर्ती रैली में 14 जिलों सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, श्योपुर, गुना, मुरैना, भिण्ड और ग्वालियर, के लगभग 70 से 80 हजार युवा भाग लेंगे। भर्ती रैली के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और सेना विभिन्न विभागों के सामंजस्य से व्यवस्थाओं को बनाने में जुट गया है।
विशेष ट्रेन या मकरोनिया स्टेशन पर स्पेशल स्टापेज दिए जाएंगे
अग्निवीर योजना के तहत सेना की भर्ती रैली के लिए ग्वालियर, चंबल से हजारों युवा आएंगे। इसके लिए विशेष ट्रेन चलाई जा सकती है या फिर रूटीन ट्रेनों के मकरोनिया रेलवे स्टेशन पर स्पेशल स्टापेज दिए जा सकते हैं। इससे युवाओं को भर्ती रैली स्थल तक पहुंचने में आसानी रहेगी।
सेना भर्ती के लिए अलग से अधिकारी आएंगे
सेना से भर्ती के लिए 150 अधिकारी एवं कर्मचारी आ रहे हैं। सेना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रहने आदि की व्यवस्थाएं की जाना है। रैली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की आवश्यकता की जाएगी।
अग्निवीर सेना भर्ती के लिए क्या योग्यता चाहिए
सेना में जनरल ड्यूटी पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को कक्षा 10वीं में न्यूनतम 45 प्रतिशत नंबरों के साथ पास होना आवश्यक है। क्लर्क/ स्टोरकीपर पदों के लिए उम्मीदवारों को किसी भी स्ट्रीम से न्यूनतम 60 प्रतिशत नंबरों के साथ 12वीं पास होना जरूरी है तथा अंग्रेजी एवं मैथ्स में 50 प्रतिशत नंबर होने जरूरी हैं। जबकि ट्रेड्समैन के पदों पर 10वीं और 8वीं पास की अलग-अलग भर्ती की जाएगी और इनके लिए सभी विषयों में 33 प्रतिशत नंबर होने अनिवार्य हैं। साथ ही ऊपर दिए गए सभी पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु 17.5 वर्ष से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications