कॉकरोच से डरती है पत्नी, तलाक की अर्जी दाखिल करेगा पति
भोपाल, अप्रैल 16: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक विचित्र मामला सामने आया है। जहां पत्नी के कॉकरोच के डर के चलते तलाक तक की नौबत आ गई है। पत्नी के कॉकरोच के डर से परेशान पति ने तलाक मांगा है। पति का कहना है कि शादी के बाद तीन साल में वह 18 मकान बदल चुका है। बार-बार घर बदलने की वजह से परिवार और दोस्तों के बीच शर्मसार महसूस कर रहे शख्स ने तलाक मांगा है। पति का कहना है कि, उसकी पत्नी का न तो डर कम हो रहा, न ही वह इसका इलाज कराने को राजी है।

कॉकरोच के डर से पत्नी ने बदलवाए 18 घर
पेशे से साॅफ्टवेयर इंजीनियर पति ने बताया कि उनकी शादी नवंबर 2017 में हुई थी। पहले 6 माह तो अच्छे गुजरे। एक दिन किचन में पत्नी को काॅकरोच दिखाई देने पर वह इतनी जोर से चीखी कि पूरा परिवार डर गया। उसके बाद पत्नी ने किचन में जाना बंद कर दिया। उस घर में नहीं रहने की जिद पकड़ ली। पहली बार उन्होंने जून 2018 में मकान बदला। उसके बाद लगा अब सब ठीक हो जाएगा।

कम नहीं हुआ पत्नी का डर
कुछ दिन बाद पत्नी को वही समस्या हो गई। पत्नी के मायके वालों से बातचीत की तो उन्होंने पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने अपने घर में पेस्ट कंट्रोल तक कराया है लेकिन कभी कभार छोटे काकरोच आ जाते हैं। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी कॉकरोच से बहुत डरती है और घर बदलने की मांग करने लगती है।शादी के बाद से अब तक वे 18 बार मकान बदल चुके हैं। ऐसा कर उसके और उसके घर वालों को काफी परेशानी और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है।

पति ने मांगा तलाक
पति अपनी पत्नी को एम्स, हमीदिया समेत कई निजी मनोचिकित्सकों को भी दिखा चुका है लेकिन पत्नी दवाई खाने के लिए तैयार नहीं होती है। वहीं पत्नी का आरोप है कि उसका पति उसकी परेशानी को नहीं समझता है और उसे पागल घोषित करने के लिए उसे दवाइयां खिला रहा है। अपनी शादी को बचाए रखने के लिए इस जोड़े ने बीएचएआई वेलफेयर सोसायटी की सेवा भी ली। इस संस्था के फाउंडर जाकी अहमद ने दोनों की काउंसलिंग की लेकिन यह काउंसिलिंग भी बेकार गई। पति अब तलाक लेने पर विचार कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications