MP: थाने में पत्रकार समेत 8 लोगों के कपड़े उतरवाने वाले 2 पुलिस अधिकारी सस्पेंड, CM ने दिए जांच के आदेश
नई दिल्ली, 7 अप्रैल: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में पुलिस का एक शर्मनाक चेहरा देखने को मिला, जहां एक पत्रकार समेत 8 लोगों के साथ दुर्व्यवहार हुआ। इसके बाद उन्हें अर्ध नग्न कर काफी देर तक थाने में रखा गया। घटना की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिस वजह से एमपी पुलिस और सरकार की काफी आलोचना हुई। अब इस घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्शन लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल पुलिस मुख्यालय से स्पष्टीकरण मांगा है और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी और एक उपनिरीक्षक (एसआई) को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उन्हें पुलिस लाइन में तलब किया गया है।
मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) सीधी मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि थाना प्रभारी मनोज सोनी और अभिषेक सिंह को तलब किया गया है। डीएसपी मुख्यालय गायत्री तिवारी इस मामले की पूरी जांच कर उनको रिपोर्ट सौंपेंगे। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी मनोज सोनी ने अपने बचाव में अजीब दलील दी है। उन्होंने कहा कि हवालात में आरोपी कपड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लेते हैं, जिस वजह से उन्होंने आरोपियों के कपड़े उतरवाए थे।
ये है पत्रकार का आरोप
वहीं पत्रकार कनिष्क तिवारी ने बताया कि वो अपने कैमरामैन के साथ एक धरना-प्रदर्शन को कवर कर रहे थे। इस दौरान पुलिस उनको जबरन थाने ले आई। इसके बाद उनके साथ मारपीट हुई और उनके कपड़े उतरवा दिए गए। इसके अलावा उनको झूठे केस में फंसाने की धमकी भी मिल रही है। वहीं जिस प्रदर्शन के दौरान ये कार्रवाई हुई, वो नीरज कुंदर नाम के शख्स की गिरफ्तारी के खिलाफ हुआ था। उन्हें बीजेपी विधायक के बेटे को सोशल मीडिया के जरिए गाली देने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications