MP News: मोदी सरकार के 11 वर्षों में देश ने रचा विकास, सुरक्षा और कल्याण का नया इतिहास- दुर्गेश केसवानी
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को "इतिहास का स्वर्णिम अध्याय" करार दिया। उन्होंने कहा, "जब धर्मात्मा राज करते हैं, तो परमात्मा भी मदद करते हैं। यही कारण है कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन, और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐसे कदम उठाए, जो इतिहास की किताबों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होंगे।
डॉ केसवानी ने भोपाल में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह कालखंड केवल शासन का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का युग है, जिसमें भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए आधुनिकता और आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम बढ़ाए हैं।

विरासत और विकास का संगम
डॉ केसवानी ने कहा कि मोदी सरकार ने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को न केवल संरक्षित किया, बल्कि उसे वैश्विक मंच पर गौरव प्रदान किया। "श्री महाकाल लोक, केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे प्रोजेक्ट्स भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं। ये परियोजनाएं हमारी जड़ों से जोड़ते हुए हमें भविष्य की ओर ले जा रही हैं।" उन्होंने जोड़ा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण और सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार इस बात का प्रमाण है कि भारत अपनी गौरवशाली विरासत को पुनर्जनन दे रहा है।
इन परियोजनाओं ने न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया। उदाहरण के लिए, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के बाद वाराणसी में पर्यटकों की संख्या में 50% की वृद्धि हुई, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिला।
राष्ट्रीय सुरक्षा: आत्मनिर्भरता और सख्ती
राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. केसवानी ने कहा कि भारत ने रक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। "2014 में भारत का रक्षा निर्यात केवल ₹686 करोड़ था, जो 2025 तक 34 गुना बढ़कर ₹23,622 करोड़ हो गया। 5,000 से अधिक रक्षा उपकरण आत्मनिर्भरता सूची में शामिल हैं, और 75% रक्षा पूंजी बजट स्वदेशी उत्पादन के लिए समर्पित है।"
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने 100 से अधिक आतंकियों को ढेर कर दुनिया को सख्त संदेश दिया। "जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A हटने के बाद आतंकवाद की कमर टूट गई। 2018 में 417 आतंकी घटनाएं थीं, जो 2023 में घटकर 43 रह गईं।" ऑपरेशन कावेरी, वंदे भारत, और यूक्रेन निकासी जैसे मिशनों के जरिए 25,500 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया, जिसने भारत की वैश्विक कूटनीतिक ताकत को प्रदर्शित किया।
वैश्विक मंच पर भारत का बढ़ता कद
डॉ केसवानी ने कहा कि मोदी सरकार ने भारत को वैश्विक नेतृत्व प्रदान किया। "कोविड-19 महामारी के दौरान वंदे भारत मिशन के तहत 1.8 करोड़ भारतीयों को स्वदेश लाया गया। भारत ने 100 से अधिक देशों को 30 करोड़ वैक्सीन डोज़ भेजीं और UN शांति रक्षकों को 2 लाख टीके उपहार में दिए।" वैक्सीन मैत्री और G20 की मेजबानी ने भारत को विश्व मंच पर एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि विदेश नीति में निर्णायक बदलाव के कारण आज भारत की बात को विश्व गंभीरता से सुनता है। "चाहे रूस-यूक्रेन युद्ध हो या मध्य पूर्व का संकट, भारत ने तटस्थ और मानवीय रुख अपनाकर विश्व शांति में योगदान दिया।"
किसानों का सशक्तिकरण: ऐतिहासिक निवेश
किसानों के लिए मोदी सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए डॉ. केसवानी ने कहा कि 2025-26 का कृषि बजट 2013-14 की तुलना में 5 गुना बढ़ा है। "पीएम किसान सम्मान निधि के तहत ₹3.7 लाख करोड़ 17 करोड़ किसानों को वितरित किए गए। MSP पर दालों की खरीद में 7350% की वृद्धि हुई।" उन्होंने बताया कि 25 करोड़ सॉयल हेल्थ कार्ड बांटे गए, और 10,000 किसान उत्पादक संगठन (FPOs) बनाए गए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ₹1.75 लाख करोड़ के दावे निपटाए गए, जिससे किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से राहत मिली। "कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक और जैविक खेती को बढ़ावा देकर मोदी सरकार ने किसानों को 21वीं सदी का सशक्त भागीदार बनाया।"
महिला सशक्तिकरण: नारी शक्ति की नई उड़ान
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए डॉ. केसवानी ने कहा कि मोदी सरकार ने नारी शक्ति को नई परिभाषा दी। "उज्ज्वला योजना ने 10 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए। मुद्रा योजना के 68% और स्टैंड अप इंडिया के 74% लाभार्थी महिलाएं हैं।" पीएम आवास योजना में 73% घर महिलाओं के नाम पर हैं।
नारी शक्ति अधिनियम के तहत संसद और विधानसभाओं में 33% आरक्षण सुनिश्चित किया गया। "महिलाओं को सशस्त्र बलों में स्थायी कमीशन और लड़ाकू भूमिकाएं दी गईं। सुकन्या समृद्धि योजना के 4.2 करोड़ खाते और 26 सप्ताह का मातृत्व अवकाश महिलाओं के लिए ऐतिहासिक कदम हैं।" पहली बार लिंगानुपात 1020:1000 तक पहुंचा, जो सामाजिक बदलाव का प्रतीक है।
शिक्षा और युवा: भविष्य की नींव
शिक्षा और कौशल विकास पर डॉ. केसवानी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने 30 साल बाद शिक्षा प्रणाली में क्रांति लाई। "पीएम कौशल विकास योजना ने 1.45 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षित किया। 14,500 स्कूलों का कायाकल्प हुआ, और 315 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए।" स्टार्टअप इंडिया ने 1.25 लाख स्टार्टअप्स और 100 यूनिकॉर्न्स को जन्म दिया, जिससे युवाओं को रोजगार सृजक बनाया।
आर्थिक प्रगति और बुनियादी ढांचा
मोदी सरकार ने बुनियादी ढांचे पर अभूतपूर्व निवेश किया। "राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति 2014 के 12 किमी/दिन से बढ़कर 38 किमी/दिन हो गई। भारतमाला परियोजना के तहत 55,000 किमी सड़कें बनीं।" हाई-स्पीड रेल, 20 नए मेट्रो प्रोजेक्ट्स, और 2,000 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भारत की नई तस्वीर पेश करता है।
आर्थिक सुधारों के तहत जीएसटी, डिजिटल इंडिया, और मेक इन इंडिया ने भारत को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाया। "2025 में भारत की अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन डॉलर की ओर अग्रसर है।"












Click it and Unblock the Notifications