Rai Brothers के घर पानी की टंकी में मिले ₹ एक करोड़ को इस तरह सुखाया गया, देखें वायरल VIDEO
दमोह, 10 जनवरी। मध्य प्रदेश के दमोह में राय ब्रदर्स के ठिकानों पर आयकर विभाग के छापे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो आयकर विभाग के अधिकारी छापे के दौरान पानी की टंकी से मिले रुपयों को सुखाते नजर आ रहे हैं।

200 अफसर व कर्मचारी 40 गाड़ियों में सवार होकर आए
बता दें कि गुरुवार सुबह पांच बजे आयकर विभाग के 200 अफसरों व कर्मचारियों ने 40 गाड़ियों में सवार होकर एमपी के दमोह के शराब व्यवसायी शंकर राय और उनके भाइयों के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा था।

राय परिवार से 8 करोड़ रुपये की नकदी मिली
मीडिया से बातचीत में जबलपुर आयकर विभाग के ज्वाइंट कमीश्नर मुनमुन शर्मा ने बताया था कि टीम को राय परिवार से 8 करोड़ रुपये की नकदी मिली। इनमें पानी की भूमिगत टंकी से बैग में 1 करोड़ रुपए भरे मिले, जो पानी में भीग चुके थे। इनके अलावा तीन किलोग्राम सोना भी जब्त किया गया।
Rai Brothers के ठिकानों पर कार्रवाई का VIDEO
राय ब्रदर्स के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई 39 घंटे चली। memewalanews नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो दिन पहले एक वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें दावा किया गया है कि यह वीडियो राय ब्रदर्स के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई से जुड़ा है।

पानी में भीगे हुए रुपयों को सुखाने के लिए गजब जुगाड़
वीडियो में पानी की टंकी में मिले रुपयों को सुखाया जा रहा है। आयकर विभाग की टीम पानी में भीगे हुए रुपयों को सुखाने के लिए गजब जुगाड़ लगाया। रुपयों को लोहे के एक टब में भर लिया और उन पर हेयर ड्रायर से गर्म हवा लगाई गई, जिससे नोट सूख गए। इसके अलावा गर्म प्रेस से भी रुपयों को सुखाया गया।

दस्तावेजों की भोपाल में जांच की जाएगी
आयकर विभाग के ज्वाइंट कमीश्नर मुनमुन शर्मा ने कहा कि राय ब्रदर्स के ठिकानों पर भौतिक रूप से आयकर विभाग की छापेमारी शुक्रवार रात 9 बजे पूरी हो गई। अब राय परिवार के ठिकानों से जब्त दस्तावेजों की भोपाल में जांच की जाएगी। उसी आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।

राय ब्रदर्स का राजनीतिक कनेक्शन
बता दें कि दमोह के शराब व्यवसायी शंकर राय कांग्रेस नेता और पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इनके भाई कमल राय भाजपा नेता हैं, ये नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद पर रहे हैं। शराब के अलावा राय परिवार का परिवहन, होटल, बार और पेट्रोल पंप के साथ-साथ पैसे उधार देने का व्यवसाय भी है।












Click it and Unblock the Notifications