दो बच्चों से ज्यादा वाले लोगों के लिए योगी सरकार बना रही सख्त नीति, नहीं मिलेंगी कई सुविधाएं
लखनऊ। अगर आपके के दो से ज्यादा बच्चे है तो ये खबर आपके लिए है। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार दो बच्चों से ज्यादा वाले लोगों के लिए कड़े नियम बनाने जा रही हैं। ऐसे व्यक्तियों पर पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने पर रोक लगाई जा सकती है। सरकारी नौकरी से भी हाथ धोना पड़ सकता है। ये संकेत प्रदेश सरकार की तैयार हो रही नई जनसंख्या नीति से मिले हैं, जिसमें ये प्रावधान किए जा सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने बुधवार को कहा कि नई नीतियां जल्द ही घोषित की जाएंगी। उन्होंने कहा, 'अन्य राज्यों की जनसंख्या नीतियों का अध्ययन किया जा रहा है और उनमें से सबसे अच्छी नीतियों को लिया जाएगा और देश की सबसे अधिक आबादी वाले राज्य में लागू किया जाएगा।' उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों का एक दल एक मसौदा नीति का अध्ययन कर रहा है। इससे पहले वर्ष 2000 में जनसंख्या नीति की समीक्षा की गई थी।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित करने पर विचार
विशेषज्ञों की समिति में सदस्य परिवार कल्याण महानिदेशक डॉक्टर बद्री विशाल ने बताया कि हमसे जनसंख्या में कम राजस्थान और मध्य प्रदेश ने जिन लोगों के ज्यादा बच्चे हैं, उन्हें सुविधाएं देना कम कर दिया है। इन राज्यों में जिन लोगों के दो से ज्यादा बच्चे हैं, उन्हें पंचायत चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं है। हमने इस नीति को अपनाने का प्रस्ताव दिया है।
पंचायत चुनाव में लागू हो सकती है नई जनसंख्या नीति
प्रस्तावित जनसंख्या नीति को सरकारी नौकरियों से भी जोड़ने पर विचार चल रहा है। यह नीति भर्ती से लेकर प्रोन्नति के मामलों मे भी लागू रहेगी। इस साल होने वाले पंचायत और उसके बाद स्थानीय निकाय चुनावों से पहले ही नई जनसंख्या नीति बन जाने की संभावना है। नीति को सबसे पहले पंचायत चुनावों में लागू किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications