UP: शादी रचाकर लखनऊ कोर्ट पहुंची शालिनी, परिजनों से जताया जान का खतरा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीते दिनों अपहरण कांड में एक नया मोड़ आ गया है। बता दें कि बीते दिनों थाना मड़ियांव से दिनदहाड़े एक युवती (शालिनी सिंह) के अपहरण कांड की सूचना से लोगों के बीच हड़कंप मच गया था, लेकिन बाद में मामले के खुलासा होने पर पता चला कि लड़की अपने पति के साथ गई हुई है। इतना ही नहीं लड़की और लड़का पहले ही आर्य समाज से शादी कर चुके हैं। इस पूरे प्रकरण के बाद लड़की अपने पति के साथ उच्च न्यायालय लखनऊ खंडपीठ में अपना बयान दर्ज कराने पहुंची। वहीं न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद पूरी तरह से यह बात साफ हो गई कि लड़की का किसी भी तरह से कोई अपहरण नहीं हुआ था। बताते चलें कि बरेली विधायक की बेटी के बाद अब लखनऊ की बेटी का यह मामला संज्ञान में आया है।

क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, लड़की ने न्यायालय में अपना बयान दर्ज कराते हुए अपने परिजनों पर आरोप लगाया कि वह मेरे ऊपर अनावश्यक दबाव बनाकर धमकी देने के साथ ही प्रताड़ित भी कर रहें हैं। साथ ही लड़की का आरोप है कि मेरे पति और मुझको मेरे घरवालों से जान का खतरा है और बयान दर्ज करने से पहले मेरी और मेरे पति की परिजनों से झड़प भी चुकी है। इसी कड़ी में लड़की शालिनी सिंह ने कहा कि मैं अपने पति के साथ खुश हूं और परिवार वाले मेरे ऊपर किसी भी तरह का अनावश्यक दबाव न बनाए।

कोर्ट में कहा मां-बाप से मेरा कोई लेना देना नहीं
5 जुलाई को अजीज नगर पुलिस चौकी थाना मड़ियांव अंतर्गत शालिनी सिंह के अपहरण की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। जिसके बाद से तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थी पर बाद में खबरें आई कि शालिनी सिंह अपने पति आदेश त्रिपाठी के साथ गई हुई है। अप्रैल माह में उन्होंने कोर्ट मैरिज और आर्य समाज मंदिर में शादी कर रखी थी। आज उच्च न्यायालय लखनऊ खंडपीठ में अपने पति आदेश त्रिपाठी के साथ बयान दर्ज कराने के लिए पहुंची शालिनी सिंह ने कोर्ट को बताया कि मैं बालिग हूं और अपने पति के साथ खुश हूं। मां-बाप से मेरा कोई लेना देना नहीं है। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद पूरी स्थिति साफ हो गई है कि शालनी सिंह का अपहरण नहीं हुआ था।

अपहरण की सूचना से हलकान हुई थी पुलिस
बता दें कि जानकीपुरम सेक्टर 6 निवासी शालिनी सिंह अपने मित्र प्रशांत गुप्ता के साथ किसी काम के लिए गोमती नगर जा रही थी तभी थाना मड़ियांव अंतर्गत अजीज नगर पुलिस चौकी के पास अचानक वह गायब हो गई थी। शालिनी सिंह के मित्र प्रशांत गुप्ता के द्वारा 100 नंबर पर सूचना दी गई कि कार सवार चार युवक शालिनी सिंह को जबरन उठा ले गए। जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।












Click it and Unblock the Notifications