CCTV Video: गजब की टप्पेबाजी! एक ने साइकिल ठोकी... दूसरे ने जेब काटी... तीसरा लाखों लेकर चंपत
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में टप्पेबाजों के एक गिरोह ने बेहद ही शातिराना तरीके से बीच बाजार एक सर्राफा व्यापारी से सवा लाख रुपए ठग लिया। रोड पर जाते समय पहले उन्हें एक शख्स ने टक्कर मारी, दूसरे ने जेब काटी और तीसरा पैसे लेकर रफूचक्कर हो गया। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
बता दें कि भूतनाथ बाजार में अनुराग अग्रवाल की ज्वेलमाइन के नाम से ज्वेलरी की शॉप है। जानकारी अनुसार, शुक्रवार को अनुराग अग्रवाल चौक सर्राफा बाजार में गहनों की खरीदारी करने के लिए अपने कर्मचारी के साथ गए थे।

कर्मचारी को एक आभूषण की दुकान पर रोक कर जब वो खुद पैदल लालजी सर्राफ की दुकान की ओर जा रहे थे, तभी चौक गोल दरवाजे के पास एक टप्पेबाज ने उन्हें साइकिल से टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से लड़खड़ाने पर, पीछे से दूसरे टप्पेबाज ने उनको संभालने के बहाने पकड़ा और जेब काट दी। वहीं तीसरा साथी जेब काटने के बाद गिरे सवा लाख रुपये लेकर भाग निकला।
वहीं यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो में तीनों टप्पेबाजों को साफ़-साफ़ घटना को अंजाम देते हुए देखा जा सकता है। प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज से टप्पेबाजों की चिन्हित कर तलाश शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications