NEET-UG Re-Exam को लेकर NTA की बड़ी तैयारी, एग्जाम सेंटरों पर 51 हजार जैमर-एक लाख CCTV कैमरों से होगा पहरा
NEET UG Re Exam: NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद रद्द हुई परीक्षा के बाद, देश भर के लाखों छात्र कल यानी रविवार, 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा (Re-Examination) देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पिछला एक महीना छात्रों और अभिभावकों के लिए भारी मानसिक तनाव और चिंता से भरा रहा है।
वहीं, पेपर लीक की घटना को लेकर सरकार को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रविवार को होने वाली इस परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कमर कस ली है।

परीक्षा की पूर्व संध्या पर एनटीए ने सुरक्षा के ऐसे कड़े और व्यापक इंतजामों की जानकारी दी है, जो भारत के इतिहास में पहले कभी नहीं देखे गए।
डिजिटल पहरा: 1.3 लाख से ज्यादा कैमरे और 51 हजार जैमर्स
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की डिजिटल या इलेक्ट्रॉनिक नकल को रोकने के लिए एनटीए ने तकनीक का भारी इस्तेमाल किया है:
देश भर के सभी 95,000 परीक्षा कमरों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी संख्या कुल मिलाकर 1,38,560 है। इसके साथ ही हर कमरे में दो इनविजिलेटर (निरीक्षक) तैनात रहेंगे।
AI से निगरानी: सीसीटीवी फुटेज की लाइव निगरानी केवल इंसान ही नहीं, बल्कि एआई (AI) टूल्स भी करेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत पकड़ा जा सके।
वर्चुअल ऑब्जर्वर्स: परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,700 प्रत्यक्ष पर्यवेक्षकों के साथ-साथ 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर्स सीधे लाइव सीसीटीवी फीड के जरिए नजर रखेंगे।
सिग्नल पूरी तरह ब्लॉक: परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल नेटवर्क या ब्लूटूथ का इस्तेमाल रोकने के लिए 51,311 जार्मस लगाए गए हैं।
फ्रिस्किंग स्टाफ और बायोमेट्रिक मैनपावर दोगुनी
इस बार उम्मीदवारों की सुरक्षा जांच और पहचान का सत्यापन बेहद सख्त होने वाला है। कैंडिडेट्स के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए 48,448 कर्मियों को नियुक्त किया गया है। फर्जी उम्मीदवारों को रोकने के लिए इस बार बायोमेट्रिक मैनपावर को दोगुना कर दिया गया है, जिसे फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरे की पहचान) का भी सपोर्ट मिलेगा। छात्रों की चेकिंग के लिए 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ तैनात किए गए हैं।
वायुसेना और पैरामिलिट्री का पहरा, OMR कलेक्शन के लिए विशेष तैयारी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए राज्य और जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, अर्धसैनिक बलों (Paramilitary Forces), भारतीय वायुसेना (IAF) और डाक विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।
सुरक्षा बलों की तैनाती: औसतन प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। शनिवार (20 जून) को देश भर में एक 'मॉक ड्रिल' भी आयोजित की गई, जिसके जरिए सीसीटीवी, जैमर्स, बायोमेट्रिक और सुरक्षा प्रक्रियाओं का अंतिम परीक्षण किया गया।
सुरक्षित OMR कलेक्शन: देश भर के लगभग 1,500 कस्टोडियन बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारी तैनात रहेंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद देश के करीब 700 केंद्रों से ओएमआर (OMR) शीट इकट्ठा करने का जिम्मा सीधे भारतीय डाक विभाग संभालेगा।
गर्मी को देखते हुए छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं
देश के अधिकांश हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए मानवीय आधार पर विशेष इंतजाम किए गए हैं:
परीक्षा केंद्रों पर पीने का साफ पानी, ओआरएस (ORS) के घोल की व्यवस्था, मेडिकल एम्बुलेंस और अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षालय (Waiting Areas) बनाए गए हैं।
छात्रों की सुविधा के लिए कमरों में घड़ियां होंगी। इसके अलावा रफ काम के लिए अतिरिक्त पेजों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा जांच और एंट्री प्रक्रियाओं में लगने वाले समय को देखते हुए इस बार परीक्षा के समय के विंडो को भी थोड़ा बढ़ाया गया है।
अफवाहों से बचें: NTA ने बार-बार स्पष्ट किया है कि इस पुनरीक्षण परीक्षा से पहले किसी भी प्रकार का पेपर लीक नहीं हुआ है। टेस्टिंग एजेंसी सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रही है और फर्जी पेपर लीक के दावों या अफवाहों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।














Click it and Unblock the Notifications