यूपी के सरकारी व निजी कार्यालयों में अब 50 फीसदी उपस्थिति, योगी सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन
लखनऊ, 10 जनवरी: उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में टीम-9 के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश के सभी शासकीय/निजी कार्यालयों में एक समय में 50 फीसदी कार्मिकों की भौतिक उपस्थिति की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के कार्यालयों में कोई कर्मचारी यदि कोविड पॉजिटिव होता है तो उसे भी न्यूनतम 7 दिनों का वेतन सहित अवकाश अनुमन्य कराया जाए। सभी कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना अनिवार्य रूप से हो। बिना स्क्रीनिंग किसी को प्रवेश न दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑफिसों में आवश्यकतानुसार 'वर्क फ्रॉम होम' संस्कृति को प्रोत्साहित किया जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि यह वैरिएंट पूर्व के वैरिएंट्स की तुलना में बहुत कम नुकसानदेह है। वैक्सीन कवर ले चुके स्वस्थ-सामान्य व्यक्ति के लिए यह बड़ा खतरा नहीं है। कोरोना प्रोटोकॉल का हर हाल में अनुपालन जरूरी है।
Recommended Video
बैठक में मुख्यमंत्री योगी को बताया गया कि वर्तमान में कुल एक्टिव केस की कुल संख्या 33,946 है, इनमें 33,563 लोग होम आइसोलेशन में हैं। बहुत कम संख्या में लोगों को अस्पताल की जरूरत पड़ रही है। मुख्यमंत्री योगी ने बैठक में कहा कि मतदान तिथि के 10 दिन पहले तक संबंधित जनपद के हर एक नागरिक को टीका-कवर मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई गाइडलाइन के अनुसार विस्तृत कार्ययोजना आज शाम तक तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी को बताया गया कि 21.39 करोड़ से अधिक कोविड टीकाकरण और 9.48 करोड़ से अधिक टेस्टिंग करके उत्तर प्रदेश टेस्टिंग व टीकाकरण में देश में प्रथम स्थान पर है। 13.47 करोड़ से अधिक लोगों ने टीके की पहली डोज़ प्राप्त कर ली है, जबकि 7.91 करोड़ से अधिक लोग कोविड टीके का दोनों डोज लेकर सुरक्षा कवर पा चुके हैं। बीते दिन तक 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के कोविड टीकाकरण में 24.22 लाख से अधिक किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है।
यूपी में पिछले 24 घंटे में 8334 नए केस, 4 की मौत
बता दें, उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 8,334 नए मामले सामने आए हैं, 335 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 4 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या 33,946 है। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने ये जानकारी देते हुए बताया कि कल प्रदेश में 2,01,465 सैंपल की जांच की गई और अब तक कुल 9,38,53,350 सैंपल की जांच की जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications