'पहले चिल्लाते हैं जांच करा लो, फिर चिल्लाते हैं हमें बचा लो', योगी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का AAP पर निशाना
लखनऊ, 21 अगस्त: उत्तर प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बिना नाम लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा है। स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को एक ट्वीट में कहा, ''पहले चिल्लाते है जांच करा लो, फिर चिल्लाते है हमें बचा लो'। बता दें, दिल्ली आबकारी नीति मामले में सीबीआई द्वारा दिल्ली के उपमुख्मंत्री मनीष सिसोदिया सहित 13 के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करने की खबरें सामने आईं, जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। हालांकि, सीबीआई ने लुक आउट नोटिस की खबरों का खंडन किया है।

लुक आउट नोटिस जारी होने के बाद सिसोदिया ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
लुक आउट नोटिस जारी होने के बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, ''मेरे खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री दिन भर ये सोचते हैं कि किसके खिलाफ नोटिस जारी करवाऊं किसके यहां रेड करवाऊं। किसकी सरकार गिरवाऊं।'' सिसोदिया ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम महंगाई और बेरोजगारी के बारे में नहीं सोचते। इन्हें देश को नंबर वन बनाने पर काम करना चाहिए, लेकिन ये केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को नंबर जीरो बनाने के बारे में सोच रहे हैं। अबकी बार देश की जनता इन्हें 2024 में लुक आउट नोटिस भेजेगी। बता दें, सीबीआई ने लुक आउट नोटिस जारी होने की खबरों का खंडन किया है।
ये आबकारी नहीं, पापकारी नीति है: बीजेपी
आप नेताओं के हमले पर बीजेपी ने पलटवार किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दिल्ली बीजेपी चीफ आदेश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति घोटाले के 'किंगपिन' हैं। आबकारी नीति घोटाले की जड़ें भ्रष्ट केजरीवाल के दरवाजे तक जाती हैं, कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और कोई भ्रष्ट व्यक्ति नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब कोरोना प्रभावित लोगों की मदद का समय था, तो दिल्ली के सीएम नई आबकारी नीति पर हस्ताक्षर करके भ्रष्टाचार में लिप्त थे। आदेश गुप्ता ने आगे कहा कि ये आबकारी नहीं, पापकारी नीति है। जिन्होंने इस नीति के तहत आपराधिक साजिश की, भ्रष्टाचार किया, दिल्ली को ठगा, दिल्ली के परिवारों को उजाड़ा, दिल्ली के युवाओं को नशे में धकेला। ऐसे लोगों को लुकआउट नोटिस ही मिलता है, ग्रीटिंग कार्ड नहीं दिया जाता मनीष सिसोदिया जी।












Click it and Unblock the Notifications