UP Unlock 01: योगी सरकार ने जारी की नई गाइडलाइंस, जानें कहां मिली छूट कहां नहीं
लखनऊ, मई 30: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में जारी आंशिक लॉकडाडन में ढील दी है। एक जून से जिन जिलों में 600 से अधिक केस हैं, वहां कोई ढील नहीं दी जाएगी। 600 से कम केस वाले जिलों में सुबह 7 से शाम 7 तक बाजार खुलेंगे, जबकि साप्ताहिक बंदी जारी रहेगी। 55 जिले ऐसे हैं, जहां छूट मिलेगी। वहीं, लखनऊ समेत 20 जिलों में अभी भी कोई छूट नहीं मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन जनपदों में 600 से ज्यादा सक्रिय मामले हैं वहां पर एक और हफ्ते के लिए कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा। आज 55 जनपदों में हमने कोरोना कर्फ्यू में ढील दी है। सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक कुछ शर्तों के साथ ढील दी जाएगी।
Recommended Video

इन जिलों में अभी भी नहीं मिलेगी छूट
लखनऊ समेत 20 जिलों में अभी भी कोई छूट नहीं मिलेगी। इनमें मेरठ, सहारनपुर, वाराणसी, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद, गाजीपुर, बिजनौर, देवरिया, गोरखपुर, बुलंदशहर, जौनपुर, सोनभद्र, झांसी, प्रयागराज, लखीमपुर खीरी शामिल हैं। इन जिलों में पहले की तरह स्कूल, कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। सिनेमा, मॉल, जिम, पूल्स पूर्णतः बंद रहेंगे।
यूपी सरकार ने जारी किए निर्देश
एक जून सुबह सात बजे से अग्रिम आदेश तक कोरोना कर्फ़्यू तमाम गतिविधियों के साथ लागू रहेगा राजधानी लखनऊ में कोई छूट नहीं मिलेगी। वीकेंड लॉकडाउन पूरे प्रदेश में जारी रहेगा। प्रदेश के सभी बाजार सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगे। सभी फ्रंटलाइन सरकारी दफ्तरों में पूरी उपस्थिति रहेगी, जबकि बाकी जगहों पर 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ काम कर सकेंगे। माध्यमिक और उच्च शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन क्लास विभागीय फैसले के हिसाब से चल सकेंगे। सभी धार्मिक स्थलों में 5 से अधिक लोग एक साथ नहीं रह सकेंगे।
यूपी में कोरोना वायरस का आंकड़ा
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 1,908 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि यह आंकड़ा 24 अप्रैल को आए 38,055 मामलों की तुलना में लगभग 5 फीसदी रह गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 41,214 रह गई है, जो हमारे 30 अप्रैल की पीक संख्या 3,10, 783 की तुलना में 86.75 फीसदी कम है। अमित मोहन ने बताया कि प्रदेश में रिकवरी 96.4 फीसदी हो गई है। कल 140 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कल दैनिक पॉजिटिविटी की दर 0.6% थी। उन्होंने बताया कि शुरु से अब तक प्रदेश की कुल पॉजिटिविटी 3.4% है।












Click it and Unblock the Notifications