यूपी के लिए बीजेपी का घोषणा पत्र : लव जिहाद पर होगी 10 साल की सजा, लगेगा एक लाख का जुर्माना
लखनऊ, 8 फरवरी: उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में लव जिहाद करने वालों को 10 साल की सजा और 1 लाख का जुर्माना लगाने का वादा किया गया है। गृहमंंत्री अमित शाह ने कहा कि 2017 के संकल्प पत्र में 212 संकल्प थे, जिसमें से 92 प्रतिशत संकल्प को आज हम पूरा करने के बाद फिर आपके सामने 2022 का संकल्प पत्र लेकर आए हैं। ये भाजपा की कार्यसंस्कृति है कि हम जो कहते हैं, वो पूरा करते हैं। शाह ने दावा किया कि 2022 के संकल्प पत्र को घोषित करने से पहले मैं फिर से यूपी की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि 2027 चुनाव में जो भी संकल्प पत्र लेकर आएगा वो हमारे 2022 के संकल्प पत्र के परफॉर्मेंस के रिकॉर्ड से बेहतर करके आएगा।

अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा ने योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाया। 2017 से 2022 तक 5 साल भाजपा की इस प्रदेश में चली और आज मैं बड़े संतोष के साथ कह सकता हूं कि ये 5 साल उत्तर प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास और उपलब्धियों के रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खेती के लिए, किसानों के लिए ढेर सारे काम किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के लिए हर साल 6 हजार रुपए बैंक अकाउंट में भेजने का काम किया है।
अमित शाह ने पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 साल पहले यूपी एक दंगा युक्त प्रदेश माना जाता था। विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अवध क्षेत्र में माताओं और बहनों की सलामती नहीं थी। 5 साल की सरकार चलने के बाद आज प्रदेश से माफिया पलायन कर गए हैं और यहां कानून का राज स्थापित हुआ है। शाह ने आगे कहा, हमने एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स का भी वादा किया था। आज मैं कहना चाहता हूं कि लगभग 2 हजार करोड़ की संपत्ति को भू-माफियाओं से मुक्त कराकर वहां गरीबों के आवास बन रहे हैं और कहीं शिक्षण संस्थान बन रहे हैं।
बीजेपी के घोषणापत्र में महिलाओं के लिए क्या?
- कॉलेज जाने वाली हर महिला को मुफ्त स्कूटी।
- उज्जवला के सभी लाभार्थी को होली और दीपावली में 2 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर।
- कन्या सुमंगला योजना को 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार।
- गरीब परिवार की बेटियों के विवाह के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद।
- मिशन पिंक टॉयलेट के लिए 1000 करोड़।
- हर विधवा और निराश्रित महिला को 1500 रुपये प्रति माह का पेंशन।
- 3 नई महिला बटालियन।
- सभी सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों में CCTV कैमरे और 3000 पिंक पुलिस बूथ।
- 5 हजार करोड़ की लागत से अवन्ति बाई लोधी स्वयं सहायता समूह मिशन की शुरुआत।
- UPPSC समेत सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं की संख्या दोगुनी।
- 1 करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1 लाख रुपए तक का न्यूनतम दर पर लोन।
- 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा।
- महिला एथलीटों को 5 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद।












Click it and Unblock the Notifications