DGP ओपी सिंह ने सड़क किनारे घायल पड़ी युवती को भिजवाया अस्पताल, युवकों से कहा- हेलमेट पहना करो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओपी सिंह ने अपने कार्यालय जाते समय मानवता का संदेश दिया। उन्होंने सोमवार सुबह रास्ते में घायल पड़ी युवती को खुद अस्पताल भिजवाया। वह युवती गोमती नदी के बांध रोड गोमतीनगर विस्तार पर सड़क किनारे जख्मी मिली थी। उसे देखकर डीजीपी ने अपनी वैन रुकवाई और युवती को सरकारी वाहन से सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में युवती के घरवालों को जानकारी दी गई।

युवती कैसे घायल हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आ पाई है। हालांकि, डीजीपी द्वारा यातायात नियमों का पालन किए जाने का निर्देश देना चर्चा में हैं।डीजीपी जब सिग्नेचर बिल्डिंग स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे तो रास्ते में उन्हें बिना हेलमेट के एक बाइक पर तीन-तीन युवक बैठे दिखे। डीजीपी ने उनका चालान कराया। साथ ही उन्हें हेलमेट पहनने की हिदायत भी दी।

पुलिस ने बताया कि यूपी 32-जीडी-2045 नंबर की बाइक पर तीन युवक बिना हेलमेट के जाते दिखे थे। तब डीजीपी ने उन युवकों को रोका। बाद में अपने साथ चल रहे टीएसई से तत्काल उनका ई-चालान करवाया। बाइक को उजरियांव थाना गोमतीनगर निवासी सलाउद्दीन चला रहा था।












Click it and Unblock the Notifications