UP : बढ़ती आबादी पर बोले CM योगी-'एक ही वर्ग की जनसंख्या बढ़ी तो फैल जाएगी अराजकता'
लखनऊ, 11 जुलाई: विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारंभ किया। इस दौरान होमगार्ड के जवानों ने बाइक रैली निकाली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में उत्तर प्रदेश ने पहले की तुलना में अपने रिकॉर्ड को अच्छा किया है, लेकिन इसे और बेहतर करने की जरूरत है।

Recommended Video
एक निश्चित पैमाने पर जनसंख्या समाज की उपलब्धि भी, लेकिन...
सीएम योगी ने कहा, हम सभी जानते हैं कि जनसंख्या स्थिरीकरण के बारे में व्यापक जागरूकता के कार्यक्रम 5 दशकों से देश में चल रहे हैं। एक निश्चित पैमाने पर जनसंख्या समाज की उपलब्धि भी है। लेकिन यह उपलब्धि तभी है जब समाज स्वस्थ व आरोग्यता की स्थिति को प्राप्त कर सके। स्किल्ड मैनपावर अगर हमारे पास है तो समाज के लिए उपलब्धि होती है। लेकिन जहां बीमारी, अव्यवस्था हो, पर्याप्त संसाधनों का अभाव हो, वहां जनसंख्या विस्फोट अपने आप में एक चुनौती भी होती है।
'जनसांख्यिकी असंतुलन की स्थिति भी न पैदा होने पाए'
उत्तर प्रदेश, देश में आबादी की दृष्टि से सबसे बड़ा प्रदेश है। जब हम परिवार नियोजन/जनसंख्या स्थिरीकरण की बात करते हैं तो हमें ध्यान में रखना होगा कि जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आगे बढ़े, लेकिन जनसांख्यिकी असंतुलन की स्थिति भी न पैदा होने पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण में आशा बहनें, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत समिति समेत अन्य प्रतिनिधिगण, शिक्षकगण इस कार्यक्रम को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर और बेहतरीन तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। इस दिशा में सामूहिक प्रयास होना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण की दिशा में इस बेहतरीन प्रयास को हमें जनसहभागिता, धर्म गुरुओं व अंतर्विभागीय समन्वय के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। हमें पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश जनसंख्या स्थिरीकरण के अपने लक्ष्य को जन-जागरूकता के माध्यम से प्राप्त करेगा।












Click it and Unblock the Notifications