'उद्योग जगत की अपूरणीय क्षति', Cyrus Mistry की मौत पर सीएम योगी ने जताया दुख
लखनऊ, 04 सितंबर: टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क हादसे में निधन हो गया है। यह हादसा मुंबई से सटे पालघर में हुआ है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई की यात्रा कर रहे थे। महाराष्ट्र के पालघर में कार एक डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में कार चालक समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साइरस मिस्त्री की अचानक मौत से उद्योग जगत में शोक की लहर है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह उद्योग जगत की अपूरणीय क्षति है।

CM योगी आदित्यनाथ ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ट्वीट में लिखा, ''टाटा संस के पूर्व चेयरमैन, सुप्रसिद्ध उद्योगपति श्री साइरस मिस्त्री जी का निधन अत्यंत दुःखद है। यह उद्योग जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!'' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। साइरस मिस्त्री के निधन पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा "हैरान और गहरा दुख दिया, डीजीपी से बात की और विस्तृत जांच के निर्देश दिए।"
पुलिस अधिकारी ने कहा, ''दुर्घटना दोपहर करीब 3:15 बजे हुई। मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई की ओर जा रहे थे। यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ। ऐसा लग रहा है कि यह एक दुर्घटना है।'' एएनआई ने पुलिस सूत्रों के हवाले से लिखा है कि साइरस मिस्त्री के मृत्यु के मामले में प्राथमिक अनुमान है कि कार चालक ने नियंत्रण खो दिया। साइरस मिस्त्री का पार्थिव शरीर कासा के एक सरकारी अस्पताल में है। पुलिस द्वारा प्रक्रिया के अनुसार एक दुर्घटना मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications