Achinta Sheuli : CWG में वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने जीता गोल्ड, यूपी के CM योगी ने दी बधाई
लखनऊ, 01 अगस्त: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अचिंता शेउली को कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने कहा, 'युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति' को चरितार्थ करती आपकी विजय नवांकुर खिलाड़ियों में साहस, ध्येयनिष्ठा और लगनशीलता का भरपूर संचार करेगी। आपको उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं। बता दें, कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड हासिल करने के बाद अचिंता ने कहा, ''मैं बहुत खुश हूं। कई संघर्षों को पार करने के बाद मैंने ये मेडल जीता है। मैं इस मेडल को अपने भाई और कोचों को समर्पित करूंगा। इसके बाद मैं ओलंपिक की तैयारी करूंगा।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत को तीसरा गोल्ड
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत ने तीसरा गोल्ड मेडल हासिल किया है। 20 साल के अचिंता शेउली ने पुरुष वेटलिफ्टिंग के 73 किलो भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता है। अचिंता शेउली ने स्नैच में रिकॉर्ड 143 किलो का वजन उठाया। वहीं, क्लीन एंड जर्क में वह 170 किलो भार उठाने में सफल रहे। कुल मिलाकर उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए कुल 313 किलो वजन उठाया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने भी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में स्वर्ण पदक जीतने पर वेटलिफ्टर अचिंता शुली को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ''खुशी है कि प्रतिभाशाली अचिंता शुली ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है। वह अपने शांत स्वभाव और तप के लिए जाने जाते हैं। इस खास उपलब्धि के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। उनके भविष्य के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।''












Click it and Unblock the Notifications