अखिलेश का योगी पर वार, कहा- इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि कोई मुख्यमंत्री को टिकट नहीं दे रहा
लखनऊ, 09 जनवरी: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर वार करते हुए कहा, 'हमारे बाबा मुख्यमंत्री को भाजपा टिकट नहीं दे रही है अक्सर हमें देखने और अखबार में पढ़ने को मिलता है कि कभी यह यहां से लड़ेंगे, कभी वहां से लड़ेंगे। मुख्यमंत्री जी को कोई टिकट नहीं दे रहा है इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है।'

एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से जनता यह जानने के लिए तैयार है कि उन्होंने जो जो वादे किए थे, आज उनके कितने वादे पूरे हुए हैं। भाजपा जनता के बीच में जाएगी तो किसान उनसे सवाल पूछेंगे क्या किसानों की पैदावार की आय दोगुनी हो गई है? उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के सबसे पहले पन्ने पर कहा कि सरकार बनने पर 2022 तक किसानों की आय दुगनी हो जाएगी। इसलिए यह तमाम वे बुनियादी सवाल हैं जिनका जवाब भारतीय जनता पार्टी को देना है। क्योंकि इन सवालों के जवाब BJP के पास नहीं है, जनता इन्हें नकार देगी। इनके सांसद, विधायक जनता के बीच में कूटे जा रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि क्या कोई पॉलिटिकल पार्टी ऐसी हो सकती है जिसके सांसदों, विधायकों को गांवों में न घुसने दिया जा रहा हो? हाल ही में अभी उन्नाव के उनके विधायक को एक किसान नेता ने स्टेज पर चढ़कर कूट दिया।
बीजेपी के 'लाल टोपी' और 'रेड अलर्ट' को लेकर दिए गए बयान पर अखिलेश ने कहा कि जनता जब वोट डालेगी, भाजपा का सफाया कर देगी। एक रंग वाले लोग एक रंग ही सोच सकते हैं, इसीलिए हर रंग को सपा ने अपने साथ जोड़ा है। होली वही अच्छी होती है, जिसमें सभी रंग हों। उन्होंने भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक रंगी वाले अब जाने वाले हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग हमारे प्रोजेक्टों का शिलान्यास का शिलान्यास या उद्घाटन का उद्घाटन कर रहे थे। जो गंगा एक्सप्रेसवे है वह BJP का सपना नहीं है। वह BSP की सरकार का सपना था। हम लोग लखनऊ शहर में बैठे हुए हैं, जितनी मेट्रो सपा सरकार ने बनाई थी अभी तक उतनी ही बनी हुई है, पांच साल में भी डबल इंजन की सरकार उस मेट्रो को आगे नहीं बढ़ा पाई।












Click it and Unblock the Notifications