यूपी: जहरीली शराब पीकर 12 लोगों की मौत, 60 अस्पताल में भर्ती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 60 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उससे सटे जनद उन्नाव का है। बात लखनऊ की करें तो यहां के माल इलाके में सोमवार सुबह क्रिकेट मैच के दौरान बांटी गई कच्ची शराब पीने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और तीन दर्जन लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। गंभीर हालत में पहुंचे लोगों को लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजधानी के माल इलाके में स्थित गटिल गांव में रविवार से क्रिकेट मैच का टूर्नामेंट चल रहा था। इस दौरान सोमवार तड़के मैच देख रहे ग्रामीणों को कथित तौर पर जग्नू नामक एक युवक ने कच्ची शराब पीने के लिए दी। इस शराब को पीने से सभी की हालत बिगड़ने लगी। ग्रामीणों की हालत बिगड़ने से वहां पर अफरा-तफरी मच गई। शराब पीने से स्वास्थ्य बिगड़ने पर कई लोग बेहोश हो गए। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें राजधानी के ट्रॉमा सेंटर और बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया।
गांव के लोग ही इन्हें लेकर यहां पहुंचे और भर्ती कराया। इलाज के दौरान नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन सभी को ट्रॉमा सेंटर और बलरामपुर अस्पताल में भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलने पर आईजी, डीआईजी और एसएसपी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां पर उन्होंने ग्रामीणों का हाल जाना और चिकित्सकों से उनका पूर्ण रूप से इलाज करने को कहा। फिलहाल, घटना की जांच जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं।
वहीं उन्नाव के हसनगंज थाना के गांव तलवासरांय कल देर रात करीब एक दर्जन लोगों ने देशी शराब की सेवन किया। इसने दो-तीन घंटे बाद अपना रंग दिखाया। आधा दर्जन की हालत खराब होने लगी। इनमें से राम सागर (40) पुत्र जयराम रैदास तथा नन्हे (35) पुत्र सैफू ने आज सुबह दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications