दुबई में रहता था पेशे से CA संदिग्ध आतंकी Zeeshan Qamar, ISI से ली ट्रेनिंग! लॉकडाउन में लौटा था वापस
प्रयागराज, 15 सितंबर: यूपी एटीएस ने दिल्ली पुलिस के साथ ज्वॉइंट ऑपरेशन में मंगलवार को चार शहरों लखनऊ, प्रयागराज, रायबरेली और प्रतापगढ़ में एक साथ छापेमारी कर आईएसआई के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ये आतंकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के जरिए ट्रेंड किए गए थे। प्रयागराज से गिरफ्तार हुए संदिग्ध आतंकी जीशान कमर पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) है। जीशान लंबे समय से दुबई में रह रहा था। कोरोना के वजह से लगे लॉकडाउन में दुबई से वापस आने के बाद से जीशान भारत में रह रहा था।

खजूर के इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का काम करने का दावा
जीशान कमर प्रयागराज शहर के करेली इलाके के सी ब्लॉक में रहता था। जीशान ने यहां आलीशान मकान बना रखा है। तकरीबन डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई है। लॉकडाउन में दुबई से वापस आने के बाद से वह भारत में ही रह रहा था। घरवालों और पड़ोसियों का कहना है कि वह भारत में खजूर के इंपोर्ट और एक्सपोर्ट का काम करता था। एटीएस ने जीशान की निशानदेही पर नैनी इलाके से एक आईडी भी बरामद किया है। इस आईडी को निक्रिय कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस आईडी में उच्च श्रेणी के विस्फोटक आरडीएक्स और अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था।

जीशान के घरवालों ने खुद को घर में किया कैद
जीशान के घर के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि वह बेहद मिलनसार स्वभाव का था। उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि वह इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकता है। बता दें, जीशान कमर की गिरफ्तारी के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। जीशान की परिजनों ने खुद को घर में कैद कर लिया है। वह कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उधर, जीशान के बयान के आधार पर एटीएस ने शहर में कई अन्य जगहों पर भी छापेमारी की है। कई लोगों से पूछताछ की है।
Recommended Video

यूपी से 3 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
एडीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को खुलासा करते हुए बताया था कि दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों के जरिए सूचनाएं मिल रही थीं कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई भारत के कई शहरों खासतौर पर यूपी में विस्फोट करने की साजिश में जुटी है। सूचना के बाद यूपी एटीएस ने प्रयागराज के करेली इलाके से जीशान कमर (28), रायबरेली से मूलचंद उर्फ लाला उर्फ सज्जू और लखनऊ के मानकनगर प्रेमवती नगर से मोहम्मद आमिर जावेद को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों आतंकियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक सूचना मिली है कि उन्होंने आईएसआई से ट्रेनिंग ली है।












Click it and Unblock the Notifications