योगी मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चा के बीच अखिलेश का तंज, कहा- अजीब है BJP की नीति
लखनऊ, जून 01: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा चल रही है। मंगलवार को भी इसे लेकर बैठकों का दौर चलता रहा। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ''अजब है भाजपा की नीति, उप्र के मुख्यमंत्री पर उनकी मर्ज़ी के विरुद्ध दिल्ली से भेजा एक अधिकारी थोपना व प. बंगाल की मुख्यमंत्री जी की मर्ज़ी के विरुद्ध एक अधिकारी को प. बंगाल से दिल्ली बुलाना। उप्र में डबल इंजन से राज्य को खींचने के झूठे वादे करने वालों के बीच खींचातानी जारी है।''

एके शर्मा को डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा
दरअसल, योगी मंत्रीमंडल में विस्तार की चर्चाओं के बीच आईएएस से एमएलसी बने एके शर्मा को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी मिलने की सबसे ज्यादा चर्चा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि एके शर्मा को केशव प्रसाद मौर्य की जगह डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी दी जा सकती है। अखिलेश ने एके शर्मा का नाम लिए बिना कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर उनकी मर्जी के विरुद्ध दिल्ली से भेजा एक अधिकारी थोपना, अजब है भाजपा की नीति। अखिलेश ने बंगाल के मुख्य सचिव को लेकर भी निशाना साधा है।
अखिलेश ने कहा- भाजपा सत्ता के लिए बदहवास है
सपा प्रमुख ने कहा कि चार वर्ष बाद भाजपा और सरकार में तालमेल बिठाने के लिए संगठन नेतृत्व को बैठक करनी पड़ रही है। इन बैठकों और संघ के परामर्श का एकमात्र उद्देश्य फिर सत्ता पर काबिज होना है। राज्य कोरोना के संकट से अभी उभरा भी नहीं कि भाजपा सत्ता के लिए बदहवास है। जनहित के निर्णयों में देरी के साथ तमाम विकास योजनाएं भी ठप हैं। सरकारी मशीनरी कुंठित और निष्क्रिय भूमिका में है। अखिलेश ने कहा कि इलाज, दवा सभी की मारामारी से चारों तरफ हाहाकार मचा है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए झूठी कहानियां गढ़ी जाने का दौर चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications