प्रियंका-राहुल के हाथरस जाने पर बोले योगी के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, ऐसी कौन सी आफत आ गई है
लखनऊ। हाथरस मामले को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन जारी है। पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब इस मामले पर योगी सरकार में मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह का बयान सामने आया है। सिद्धार्थ नाथ सिंह का कहना है कि ऐसी कौन सी आफत आ गई है कि राहुल और प्रियंका गांधी हाथरस जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर किसी को टहलने की अनुमति नहीं है। क्या हम कुछ लोगों के पैदल चलने के लिए एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक रोक दें।

'मीडिया में बने रहने के लिए ये ड्रामा'
Recommended Video
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मीडिया में बने रहने के लिए ये ड्रामा कर रही है। 'राहुल गांधी का एक ट्रैक रिकॉर्ड है कि जब वो भी विदेश से वापस लौटते हैं तो वो फोटो ऑप करवाने में लग जाते हैं। जो आज एक्सप्रेस-वे पर चल रहा है, वो भी फोटो ऑप ही है। उनकी और प्रियंका गांधी जी की तरफ से न ही कोई सहानुभूति न ही कोई संवेदनशीलता दिख रही है।'सिद्धार्थ नाथ सिंह ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या आपने हाथरस जाने की अनुमति ली थी। न आप परमिशन लेते हैं न कुछ करते हैं। आप निर्णय करते हैं सुबह उठकर के कि आज मेरा फोटो ऑप का दिन है। हम लोग जाएंगे और फोटो ऑप करके लौट आएंगे। चलने से पहले उन्होंने किसी कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया।
हाथरस में आफत आ गई है क्या?
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने पूछा कि क्या हाथरस में आफत आ गई है क्या? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से बात की है। उनकी मांगों को मान लिया गया है। पुलिस की कार्रवाई जारी है। सारी रिपोर्ट एक-एक कर के सामने आ रही है, लेकिन इन लोगों को यह सब नहीं दिख रहा है। बहुत दिनों से फोटो ऑप नहीं हुआ था, इसलिए आज ये लोग सड़क पर आ गए हैं। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सारा ड्रामा मीडिया में आने के लिए किया है।












Click it and Unblock the Notifications