सपा कुनबे की कलह को खत्म करने लखनऊ में जुटे बड़े नेता
समाजवादी परिवार में कलह को सुलझाने के लिए लखनऊ में लगा बड़े नेताओं का जमावड़ा, बेनी प्रसाद, नरेश अग्रवाल सहित तमाम नेता मौजूद
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के कुनबे में जिस तरह से चाचा-भतीजे के बीच विवाद मचा है उसे संभालने के लिए अब पार्टी के वरिष्ठ नेता सामने आए हैं। लखनऊ में मुलायम सिंह के आवास पर बड़े नेताओं का जमावड़ा लग रहा है।

बड़े नेता पहुंचे लखनऊ
कलह को खत्म करने के लिए राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा, नरेश अग्रवाल, रेवती रमण सहित किरणमय नंदा मुलायम सिंह के आवास पर पहुंचे हैं। ये सभी नेता पार्टी के भीतर मतभेद खत्म करने की कोशिशों में जुटे हैं।

शिवपाल के लिए लग रहे हैं नारे
बता दें कि सपा की राज्य कार्यकारिणी की आज पहली बैठक है जिसमें राज्य कार्यकारिणी के 81 पदाधिकारियों अलावा 18 विशेष सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। इस बैठक से पहले सपा कार्यालय के बाहर शिवपाल के समर्थन में बैनर, पोस्टर लगाए गए हैं। इसके अलावा शिवपाल के समर्थन में जमकर नारेबाजी हो रही है और ढोल नगाड़े बजाए जा रहे हैं।

राज्य कार्यकारिणी से गायब रहे अखिलेश
यह पहला मौका है जब सपा की राज्य कार्यकारिणी के गठन के बाद कार्यकारिणी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह इस बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। वहीं अखिलेश यादव इन तमाम बैठकों से कल से ही नदारद नज़र आ रहे हैं।

बैठक में दिखी तनातनी
शुक्रवार को जिलाध्यक्षों और जनरल सेक्रेटरी की बैठक में भी अखिलेश यादव नहीं पहुंचे थे, जिसकी अध्यक्षता शिवपाल सिंह यादव ने की थी। इस बैठक के बाद अखिलेश यादव ने 18 पदाधिकारियों से अलग से मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications