यूपी विधानसभा में महंगाई को लेकर हंगामा, विपक्षियों ने कहा- चर्चा से भाग रही योगी सरकार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही जैसे ही आज सुबह 11 बजे शुरू हुई, नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी ने महंगाई पर चर्चा की मांग की। सपा के सदस्यों ने सदन में हंगामा शुरू किया। सपा के सदस्य वेल में आकर हंगामा करने लगे। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यवाही का हिस्सा नहीं होगा। हंगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही 40 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
Recommended Video

बसपा ने भी महंगाई पर नियम 311 के तहत चर्चा की मांग की। सरकार ने चर्चा से इनकार किया। इससे बसपा के सदस्य सदन से बाहर निकल गए। मीडिया से बात करते हुए बसपा नेता गुड्डू जमाली ने कहा कि सपा के सदस्यों के हंगामा के चलते सदन स्थगित किया गया। इससे चर्चा नहीं हो पाई। सरकार भी चर्चा नहीं करना चाहती। लिहाजा सपा के हंगामे से सरकार को मदद मिली है।

कार्यवाही स्थगित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी मीडिया से मुखातिब हुए और कहा-
महंगाई से हर तबका परेशान है। खाद्य सामग्री, डीजल, पेट्रोल, चीनी,, बिजली सबके दाम बढ़े, केवल जान लेना सस्ता किया है। हम लोग महंगाई पर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई नहीं है। महंगाई इतनी है कि लोग मर रहे हैं। दाल महंगी हो गई। सीमेंट, मोरंग, बालू, ईंट महंगा है। यह सरकार महंगाई से जनता को मारने की तैयारी कर रही है।

रामगोविंद चौधरी ने कहा-
यह सरकार अनुपूरक बजट पास करती है लेकिन धरातल पर काम दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि प्रदेश को छोड़िए लखनऊ में ही देखिए इस सरकार ने कोई काम नहीं किया है। अखिलेश यादव ने लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क, पुलिस मुख्यालय, मेट्रो बनवाया है।

इसके बाद कांग्रेस के विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा ने भी कहा कि
मानसून सत्र का दूसरा दिन है, महंगाई के हालात कैसे है सब जानते हैं। कांग्रेस ने कल भी प्रर्दशन किया और आज भी किया। नियम 56 में हमने अध्यक्ष से मांग की कि इस पर चर्चा हो लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि पहली बार इसे कार्य सूची में 78 नंबर पर रखा। हमने सदन में अनुरोध किया लेकिन हमारी मांग स्वीकार नहीं हुई। हम चाहते है सरकार चर्चा से भागे नही।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि साढ़े चार साल में सरकार के बारे में पब्लिक का परसेप्शन बदला है। हमारी सरकार ने फरवरी में 5,50,000 करोड़ रुपये से अधिक का आम बजट पेश किया था। उसके हिसाब से यह बहुत छोटा 7301 करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट है। आंगनबाड़ी चौकीदारों के मानदेय में वृद्धि,गोवंश रखरखाव, अयोध्या में पार्किंग की व्यवस्था,बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर में इजाफे की घोषणा की गई।












Click it and Unblock the Notifications