'4 साल की नौकरी फिर बेरोजगारी वाली अंधेरी रात', 'ठेके पर नौकरी' की खबर पर प्रियंका का BJP पर तंज
लखनऊ, 19 अगस्त: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रोजगार के मुद्दे पर एक बार फिर भाजपा सरकार को घेरा है। खर्च घटाने के लिए बैंकों में संविदा पर कर्मचारियों को रखे जाने की संभावनाओं पर आधारित खबरों पर प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा, 'चार साल की नौकरी फिर बेरोजगारी वाली अंधेरी रात'। कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को यह ट्वीट किया था।

प्रियंंका गांधी ने युवाओं से कहा - एकजुट होकर उठाएं आवाज
प्रियंका गांधी ने 'अग्निवीर की तर्ज पर बैंकों में भी रखे जांएगे कर्मचारी' शीषर्क वाली एक खबर को शेयर करते हुए ट्वीट में लिखा, ''4 साल की नौकरी, फिर बेरोजगारी वाली अंधेरी रात: BJP 4 साल की नौकरी का मॉडल सभी नौकरियों में लागू करेगी। 4 साल के लिए युवा ठेके पर रखे जाएंगे, 4 साल बाद बेरोज़गार। न परमानेंट जॉब, न पेंशन। युवाओं को एकजुट होकर इस मॉडल के खिलाफ आवाज उठानी होगी, वरना परमानेंट नौकरियां बचेंगी नहीं।''
अग्निवीरों की तर्ज पर बैंकों में भी रखे जाएंगे कर्मचारी
'हिंदुस्तान' की खबर के मुताबिक, सेना में अग्निवीरों की तर्ज पर अब बैंकों में भी कर्मचारियों की बहाली होगी। यह कर्मचारी कॉन्ट्रेक्ट पर रखे जाएंगे। खबर के अनुसार एसबीआई अपना खर्च कम करने के लिए मानव संसाधन संबंधित मुद्दों के लिए एक अलग कंपनी शुरू करने जा रहा है। स्टेट बैंक की ऑपरेशन और सपोर्ट सब्सिडियरी को हाल ही में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। शुरुआत में यह कंपनी ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में बैंक शाखाओं में कर्मचारियों का प्रबंधन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications