हाथरस DM के वायरल वीडियो पर प्रियंका गांधी का ट्वीट, कहा- ये लोग अत्याचारी हैं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में 19 वर्षीय पीड़िता से हैवानियत के बाद हुई मौत और पुलिस-प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार किए जाने के तरीकों पर तो सवाल उठ ही रहे हैं। वहीं, अब हाथरस के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार का एक कथित वीडियो सामने आया है। जिसमें वो धमकी भरे अंदाज में परिवार से कह रहे हैं कि मीडिया वाले आज यहां हैं, कल चले जाएंगे लेकिन प्रशासन को और आपको यहीं रहना है। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ये लोग अत्याचारी हैं। वहीं, डीएम ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि नकारात्मक खबरें चलाई जा रही हैं।

हाथरस डीएम की वीडियो आई है सामने
दरअसल, हाथरस के डीएम का पीड़ित परिवार के साथ बातचीत करते हुए एक कथित वीडियो सामने आया है। जिसमें वो धमकी भरे अंदाज में परिवार से कह रहे हैं कि मीडिया वाले आज यहां हैं, कल चले जाएंगे। लेकिन प्रशासन को और आपको यहीं रहना है। वीडियो में डीएम पीड़िता के पिता से कह रहे हैं कि आप अपनी विश्वसनीयता खत्म मत करो। आपकी इच्छा है कि आपको बार बार बयान बदलना है कि नहीं बदलना है। अभी हम भी बदल जाएं....।
'ये लोग अत्याचारी हैं'
हाथरस डीएम के इसी वीडियो को ट्वीट करते हुए कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने लिखा, 'यूपी सरकार किसी को पीड़िता के गांव जाने से क्यों रोक रही है, उसका जवाब यहां है? पीड़िता के परिवार को हाथरस डीएम जाकर धमका रहे हैं। न मीडिया जा पायेगा, न हम लोग तो यूपी सरकार पीड़िता के परिवार को खुलकर धमका पाएगी। ये लोग अत्याचारी हैं।'
Recommended Video

हाथरस डीएम ने दी सफाई
कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हाथरस जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की सफाई आई है। उन्होंने कहा कि गैंगरेप पीड़िता के परिवार पर दबाव डालने को लेकर उनसे संबंधित जो खबरें चल रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है। डीएम ने कहा, कल पीड़ित परिवार के 6 सदस्यों के साथ डेढ़ घंटे तक मेरी बातचीत हुई। उनपर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था। हमारे पास बातचीत का वीडियो भी है। मुझे आज पता चला कि पीड़ित परिवार किसी बिन्दु पर खुश नहीं है तो मैं आज उनसे फिर मिलने गया था। मैंने उनकी नाराजगी जानने की कोशिश की। जो नकारात्मक खबरें चलाई जा रही हैं, मैं उनका खंड़न करता हूं।

पिता की मांग, दोषियों को फांसी की: डीएम
हाथरस डीएम ने कहा है कि पीड़िता के पिता की मुख्य मांग ये है कि मामले में जो लोग शामिल हैं, उनको जल्दी से जल्दी फांसी के फंदे तक पहुंचाने की है। हमने उनकी सभी बातों को सुना है और ये कोशिश कर रहे हैं कि मामला फास्ट ट्रैक में जाए और जल्दी फैसला आए। वहीं मीडिया को वारदात की जगह ना जाने देने को लेकर डीएम ने कहा है कि एसआईटी वहां जांच कर रही है, उनको परेशानी ना हो। इसलिए मीडिया को इजाजत नहीं दी जा रही है और कोई खास वजह नहीं है।
ये भी पढ़ें:- हाथरस जाने के लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत 203 के खिलाफ एफआईआर












Click it and Unblock the Notifications