लॉकडाउन: यूपी में प्रियंका गांधी ने उतारे 'कांग्रेस के सिपाही', ऐसे कर रहे जरूरतमंदों की मदद
लखनऊ। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में लॉकडाउन किया गया है। ऐसे में गरीब और मजदूरों वर्ग को खाने-पीने की काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र सरकार और राज्य सरकारें अपनी-अपनी तरफ से कदम उठा रही हैं, लेकिन लेकिन राजनीतिक दल भी पीछे नहीं हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को पार्टी कार्यकर्ताओं की फौरन एक रेस्पॉन्स टीम बनाने का निर्देश दिया है, जो प्रदेश में जरूरतमंद लोगों की मदद करने का काम करेंगे। प्रियंका ने वॉलंटियर की इस टीम का नाम 'कांग्रेस सिपाही' रखा है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने प्रदेश में लॉकडाउन के चलते कोई भी भूखा-प्यासा ना सोए इसके लिए कांग्रेस सिपाही नाम से एक टीम बनाने का निर्देश दिया है। पीसीसी के समस्त पदाधिकारी अपने प्रभार क्षेत्र के जिला व शहर अध्यक्ष के मार्फत जिला और शहर की एक ज्वाइंट त्वरित रेस्पॉन्स टीम का गठन करेंगे। हर जिले में एक टीम बनाई गई है। ये स्थानीय प्रशासन के सहयोग से 'कांग्रेस सिपाही' लोगों की मदद करेंगे। हम अपने सभी वॉलंटियर के ड्यूटी पास बनवाने का भी काम करेंगे ताकि उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। उन्होंने बताया कि लोगों की मदद के लिए हर जिले और शहर में कुछ हेल्पलाइन नंबर भी शुरू कर रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश स्तर पर एक हेल्पलाइन नंबर चल रहा है, जिसके तहत लोगों की मदद की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर कस्बा, पुरवा, टोला, झुग्गी झोपड़ी, कच्ची कालोनियों पर है। किसी को भी दिक्कत होगी तो उसतक भोजन पानी पहुंचाया जाएगा।
बता दें, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी कोरोना वायरस की इस जंग में प्रदेश सरकार के साथ है। उन्होंने आगे सीएम योगी को यह भी लिखा है कि सरकार सुनिश्चित करे कि योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंच पाए। अजय कुमार लल्लू के मुताबिक, प्रियंका गांधी के निर्देश पर 5-5 किलो के छोटे-छोटे फूड पैकेट (आटा, चावल, डाल, नमक व साबुन) बनाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाने का काम शुरू कर रहे हैं। प्रदेश के सभी जिले और शहर कमेटियों में फूड पैकेट की व्यवस्था हो गई है, जो स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच वितरित करेंगे ताकि कोई भूखा न सोए।












Click it and Unblock the Notifications