#9बजे9मिनट: लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, कांग्रेसियों से भी हुई नोकझोंक
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आव्हान पर प्रदेश के युवाओं ने रात 9 बजे 9 मिनट के लिए प्रदेश भर में मशाल जुलूस निकाला। उनके समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी आए। राजधानी लखनऊ में विमेन पावर लाइन 1090 चौराहे पर जुलूस निकाल रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के दौरान वहां भगदड़ मच गई और इसमें कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया और मामले को शांत कराया। इधर, हजरतगंज स्थित श्रीराम टावर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब कांग्रेस कार्यकर्ता बेरोजगारी का विरोध करने के लिए हाथों में मोमबत्ती लेकर निकल पड़े।
Recommended Video

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओ के प्रदर्शन की जैसे ही जानकारी पुलिस को लगी वैसे ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को लाठी लेकर खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस की प्रदर्शनकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जिस वक्त लाठी लेकर दौड़ाया उस दौरान एक दो लोगों की पिटाई भी कर दी। इस दौरान तीखी नोकझोंक हुई। आखिरकार कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा पर जाकर मोमबत्तियां जलाई। यह प्रदर्शन शहर के बख्शी का तालाब, सरोजिनी नगर, जानकीपुरम सहित पूरे लखनऊ में किया गया।
बता दें, अखिलेश यादव ने ट्वीट कर युवाओं से अपील की थी कि 9 सितंबर की रात 9 बजे 9 मिनट तक बेरोजगारी के खिलाफ क्रांति की मशाल जलाएं, ताकि आपकी आवाज सरकार के कानों तक पहुंचे। वहीं, अखिलेश यादव के समर्थन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट किया है, उन्होंने लिखा कि इस देश का युवा अपनी आवाज सुनाना चाहता है। उन्होंने भी लोगों से अपील है कि वह भी युवाओं का साथ दें। सपा मुखिया के आव्हान पर कांग्रेस भी उनके साथ आए और दोनों पार्टियों के युवा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।












Click it and Unblock the Notifications