PM नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को करेंगे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन
लखनऊ, 07 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को यूपी में 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। ये एक्सप्रेस-वे पूर्वी और पश्चिमी यूपी को जोड़ेगा। एक्सप्रेस-वे लखनऊ के चांद सराय गांव से शुरू होगा। बता दें, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सत्ता संभालने के बाद लखनऊ से आजमगढ़ होते हुए गाजीपुर तक सिक्स लेन के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का निर्माण शुरू करवाया था। इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 340.824 किलोमीटर है। इसे भविष्य में आठ लेन का किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश के इन शहरों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेस-वे
340 किलोमीटर लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यूपी के लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से होकर गुजरेगा। योगी सरकार का दावा है कि यह एक्सप्रेस-वे न सिर्फ उद्योग धंधों का रास्ता खोलेगा, बल्कि पूर्वांचल के विकास को रफ्तार देने के साथ क्षेत्रीय लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार भी उपलब्ध कराएगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बनने से उत्तर प्रदेश के साथ साथ बिहार के लोगों को भी लाभ मिलेगा। इस एक्सप्रेस वे के बनने के बाद अब दिल्ली से बिहार तक का सफर भी आसान हो जाएगा। दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए आगरा, फिर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से लखनऊ तक का सफर पूरा होगा। इसके बाद लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गाजीपुर आसानी से पहुंचा जा सकेगा। गाजीपुर से बिहार बॉर्डर की सीमा सिर्फ 20 किलोमीटर दूर है। ऐसे में अब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बनने के बाद बिहार के लोगों के लिए भी दिल्ली पास हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications